जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा (LoC) के पास रविवार देर रात संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने के बाद सेना के जवानों ने गोलीबारी की। अधिकारियों के मुताबिक, सावजियां सेक्टर के कनारी इलाके में सीमा की सुरक्षा में तैनात जवानों ने रात करीब डेढ़ बजे कुछ संदिग्ध हलचल देखी थी। अधिकारियों ने बताया कि जवानों ने सीमा पार से आतंकवादियों की घुसपैठ की किसी भी संभावित कोशिश को नाकाम करने के लिए छोटे हथियारों से करीब 24 राउंड गोलियां चलाईं। इसके बाद संदिग्ध गतिविधि वाले इलाके की घेराबंदी कर दी गई। रात में हुई गोलीबारी के बाद सुबह उजाला होते ही सेना ने इलाके में तलाशी अभियान शुरू किया। अधिकारियों के अनुसार, ताजा जानकारी मिलने तक अभियान जारी था। फिलहाल संदिग्ध गतिविधि की प्रकृति और तलाशी अभियान के दौरान किसी की मौजूदगी या बरामदगी को लेकर अधिकारियों की ओर से कोई अतिरिक्त जानकारी नहीं दी गई है।
