पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक बेटे पर अपनी 85 वर्षीय मां की सफेद धागे से गला घोंटकर हत्या करने का आरोप लगा है। घटना हरिदेवपुर थाना क्षेत्र के लाल मस्जिद के पास हाफिज मोहम्मद इशाक रोड की है। मृतका की पहचान उमा रानी घोष (85) के रूप में हुई है, जबकि आरोपी बेटे का नाम सागर घोष (67) बताया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, सोमवार (16 नवंबर) सुबह करीब 11 बजे सागर घोष ने कथित तौर पर सफेद धागे से अपनी मां का गला घोंट दिया। हैरानी की बात यह है कि घटना के बाद आरोपी ने खुद ही 100 नंबर पर फोन कर पुलिस को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की होमिसाइड टीम घटनास्थल पर पहुंची। इसके साथ ही फिंगरप्रिंट और फोटोग्राफी टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने घटनास्थल से एक पत्र भी बरामद किया है, जो आरोपी ने अपनी बहन के नाम लिखा था। पुलिस सूत्रों के अनुसार, बरामद पत्र में सागर घोष ने अपनी बहन को संबोधित करते हुए लिखा था कि जब वह घर लौटेगी तो उसे वहां उसका भाई यानी सागर घोष और मां उमा रानी घोष नहीं मिलेंगे। इस पत्र को जांच का अहम हिस्सा माना जा रहा है। स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, सागर घोष पहले इंजीनियर के तौर पर काम करते थे। हालांकि, नौकरी छूटने के बाद से ही परिवार में तनाव और विवाद बढ़ने लगा था। पत्नी और बेटे के साथ भी उनका विवाद हुआ था। बाद में पत्नी और बेटा उनसे अलग रहने लगे। इसके बाद सागर अपनी बुजुर्ग मां और बहन के साथ उसी घर में रहते थे। स्थानीय लोगों का दावा है कि मां और बेटे के बीच भी अक्सर विवाद होता रहता था। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, मां के इलाज का खर्च उठाने में आरोपी को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। इसी वजह से उसने इस वारदात को अंजाम दिया या इसके पीछे कोई दूसरी वजह थी, पुलिस इसकी जांच कर रही है। घटना के वक्त सागर की बहन काम के सिलसिले में घर से बाहर गई हुई थीं। आखिर सागर घोष ने अपनी ही मां की हत्या क्यों की? क्या आर्थिक तंगी और पारिवारिक कलह इस खौफनाक वारदात की वजह बनी या इसके पीछे कोई दूसरी कहानी है? आरोपी की मानसिक स्थिति भी जांच के दायरे में है। पुलिस बरामद पत्र समेत तमाम साक्ष्यों की जांच कर रही है। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
