छठ पूजा के पावन अवसर पर सूर्यदेव को अर्घ्य देने पहुंचे एक श्रद्धालु की करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। सोमवार सुबह पश्चिम बंगाल के पांडवेश्वर स्थित गायघाटा छठ घाट पर इस हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। त्योहार की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं। मृतक की पहचान विनोद नुनिया के रूप में हुई है। वह गायघाटा इलाके के ही रहने वाले थे। स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, छठ पूजा के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु गायघाटा छठ घाट पर सूर्यदेव को अर्घ्य देने के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान विनोद नुनिया बिजली के तार के संपर्क में आकर करंट की चपेट में आ गए। इस हादसे के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई। बाद में उनकी मौत की खबर सामने आते ही पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। मौके पर आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस के एसीपी (अंडाल डिवीजन) दीप कुमार दास, पांडवेश्वर के बीडीओ, संयुक्त बीडीओ समेत कई वरिष्ठ अधिकारी पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पूरे मामले की जानकारी ली। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच शुरू कर दी गई है। दूसरी ओर, प्रत्यक्षदर्शियों के एक वर्ग का दावा है कि छठ घाट पर खुले बिजली के तारों की पर्याप्त सुरक्षा और रखरखाव नहीं होने के कारण यह दर्दनाक हादसा हुआ। हालांकि, प्रशासनिक जांच पूरी होने से पहले दुर्घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। लोगों का सवाल है कि छठ पूजा जैसे बड़े धार्मिक आयोजन में, जहां हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ जुटती है, वहां बिजली के कनेक्शन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पर्याप्त सतर्कता क्यों नहीं बरती गई? घाट पर बिजली के तारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में कहीं कोई लापरवाही तो नहीं हुई, इसे लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। छठ पूजा के उत्सवी माहौल के बीच हुए इस हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। एक तरफ विनोद नुनिया की मौत से परिवार और स्थानीय लोग शोक में हैं, तो दूसरी तरफ सार्वजनिक आयोजनों में आम लोगों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। अब प्रशासनिक जांच में हादसे की असली वजह क्या सामने आती है, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं।