देशभर में चार दिनों तक चलने वाला महापर्व छठ सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ संपन्न हो गया। इस अवसर पर बिहार से लेकर दिल्ली, उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ तक नदी, तालाबों और बनाए गए घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। व्रतियों ने भगवान सूर्य की उपासना कर छठी मइया से परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। छठ महापर्व के समापन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। वहीं, बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता समेत कई नेताओं ने भी छठ पूजा के अंतिम दिन के अनुष्ठान में हिस्सा लिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छठ महापर्व के समापन पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने लिखा, “उदीयमान सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित करने के साथ आज महापर्व छठ का चार दिवसीय अनुष्ठान संपन्न हुआ। प्रकृति को समर्पित इस दिव्य उत्सव में दृढ़ संकल्प और आध्यात्मिक साधना का अद्भुत संगम देखने को मिला। छठी मइया से विनती है कि वे सभी व्रतियों के साथ-साथ देशभर के मेरे परिवारजनों को अपना शुभाशीष प्रदान करें।” बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने छठ पूजा के अंतिम दिन घाट पहुंचकर उगते सूर्य को अर्घ्य दिया। वहीं, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने अपनी पत्नी दीपमाला के साथ छठ पूजा के विधि-विधान पूरे किए। नितिन नबीन ने भगवान भास्कर और छठी मइया को नमन करते हुए बिहार और देशवासियों के जीवन में सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि छठ का संदेश स्वच्छता, पवित्रता, अनुशासन और शुचिता से जुड़ा है, जो आज पूरे देश और दुनिया तक पहुंच रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास के साथ अपनी विरासत और संस्कृति को भी आगे बढ़ा रहा है। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आईटीओ घाट पहुंचकर छठ पूजा के अंतिम दिन के अनुष्ठान में हिस्सा लिया और उगते सूर्य को अर्घ्य दिया। वहीं, बीजेपी सांसद मनोज तिवारी ने सोनिया विहार घाट पर पूजा-अर्चना की। मनोज तिवारी ने कहा कि यमुना किनारे करीब 15 किलोमीटर तक छठ पर्व का आयोजन हो रहा है। उन्होंने दिल्ली में बड़े स्तर पर छठ पूजा के आयोजन पर खुशी जताई। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपनी पत्नी के साथ अपने विधानसभा क्षेत्र कुनकुरी में छठ पूजा की। इस दौरान उन्होंने छठ घाट के निर्माण के लिए भूमि पूजन भी किया। उन्होंने बताया कि व्रत रखने वाली महिलाओं की सुविधाओं के लिए आवश्यक धनराशि स्वीकृत की गई है। वहीं, गोरखपुर में बीजेपी सांसद रवि किशन भी छठ पूजा में शामिल हुए। उन्होंने गोरखनाथ मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के बीच पहुंचकर पूजा-अर्चना की और भोजपुरी भाषी समुदाय समेत देश-विदेश में छठ मनाने वाले लोगों को शुभकामनाएं दीं।