अमेरिका में शुक्रवार को देशभर में सभी विमानों की उड़ानों को तत्काल प्रभाव से रोक दिया गया. शुक्रवार (स्थानीय समयानुसार) को फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) ने अमेरिका के सभी हवाई अड्डों पर ‘ग्राउंड स्टॉप’ (उड़ानों पर रोक) लगाई है. ऐसा टेलीकम्युनिकेशन में आई खराबी के कारण हुआ, जिसने सभी ‘एयर रूट ट्रैफिक कंट्रोल सेंटर्स’ को प्रभावित किया, जिससे पूरे देश में हजारों उड़ानें बाधित हो गईं. इस फैसले के बाद केवल हवा में मौजूद विमानों को ही लैंडिंग की परमिशन दी गई है. जानकारी के मुताबिक फ्लाइट्स पर ब्रेक लगने के चलते बोस्टन समेत तमाम जगहों पर हवाई यात्री फंस गए हैं. इस मामले पर अमेरिकी परिवहन सचिव शॉन डफी ने सोशल मीडिया ‘एक्स’ पर एक पोस्ट शेयर करते हुए इस घटनाक्रम की पुष्टि की है. उन्होंने बताया कि देशभर में एयर ट्रैफिक कंट्रोल के कामकाज पर संचार संबंधी समस्या का असर पड़ने के बाद, FAA ने विमानों की उड़ानें रोकने (ग्राउंड स्टॉप) का आदेश दिया था. सभी हवाई मार्ग यातायात नियंत्रण केंद्रों को प्रभावित करने वाली एक संचार समस्या के बाद सभी अमेरिकी हवाई अड्डों के लिए राष्ट्रव्यापी ग्राउंड स्टॉप जारी किया. एफएए तकनीशियन इस मुद्दे की जांच कर रहे हैं. डफी ने कहा, जैसे ही हमारे पास अपडेट होंगे हम उन्हें तत्काल उपलब्ध कराएंगे. फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) ने भी पुष्टि की कि यह व्यवधान दूरसंचार में आई एक अस्थायी रुकावट के कारण हुआ था, और बताया कि एहतियाती कदम के तौर पर उड़ानों को रोक दिया गया था. फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) ने सोशल मीडिया ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि टेलीकम्युनिकेशन में कुछ समय के लिए रुकावट आई है. एहतियात के तौर पर सभी उड़ानों को रोक दिया गया है. सभी उड़ानों की स्थिति का पता लगा लिया गया है और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के मामले में हर उड़ान को अलग-अलग स्थिति के आधार पर देखा जाएगा. फ़्लाइट-ट्रैकिंग प्लेटफ़ॉर्म फ़्लाइटअवेयर के अनुसार, ग्राउंड स्टॉप के बाद लगभग 7,000 उड़ानें या तो विलंबित हुईं या रद्द कर दी गईं. खबरों के अनुसार, संचार की इस समस्या ने पूरे अमेरिका में मौजूद सभी 22 ‘एयर रूट ट्रैफिक कंट्रोल सेंटर्स’ को प्रभावित किया. ये केंद्र अपने-अपने क्षेत्रों में विमानों, खासकर आने वाली उड़ानों को दिशा-निर्देश देने के लिए जिम्मेदार होते हैं. फ्लाइट-ट्रैकिंग वेबसाइट ‘फ्लाइटराडार24’ के अनुसार, जब ‘ग्राउंड स्टॉप’ का आदेश जारी किया गया, तब लगभग 4,042 उड़ानें हवा में थीं और अमेरिकी हवाई अड्डों की ओर जा रही थीं. इस बीच, अमेरिकी होमलैंड सिक्योरिटी सेक्रेटरी मार्कवेन मुलिन ने कहा कि ऐसा कोई संकेत नहीं है कि देश भर में विमानन सेवाओं में आई यह रुकावट किसी खतरे की वजह से हुई है. व्हाइट हाउस के बाहर पत्रकारों से बात करते हुए, मुलिन ने भरोसा दिलाया कि सभी उड़ानों का पता चल गया है और यात्री सुरक्षित हैं. साथ ही, उन्होंने यह भी कहा कि इस व्यवधान को ठीक करने में कुछ समय लग सकता है. उन्होंने कहा कि सभी सुरक्षित हैं. सभी उड़ानों का पता चल गया है. उन्होंने आगे जोड़ा कि यह कोई दूसरा 9/11 नहीं है.
