भारतीय मूल की नित्या रमन अगले महीने लॉस एंजिल्स की मेयर के रूप में पदभार संभालेंगी। उन्होंने मौजूदा मेयर कैरेन बास को चुनाव में हराकर यह जीत हासिल की है। उनके पद संभालने के साथ ही अमेरिका के दो बड़े शहरों न्यूयॉर्क और लॉस एंजिल्स में दक्षिण एशियाई मूल के नेताओं का नेतृत्व देखने को मिलेगा। न्यूयॉर्क के मेयर जोरान ममदानी पहले ही 1 जनवरी 2026 को पदभार संभाल चुके हैं। लॉस एंजिल्स के मेयर चुनाव में नित्या रमन ने मौजूदा मेयर कैरेन बास को हराया। चुनावी नतीजों के शुरुआती आंकड़ों में रमन को करीब 52 प्रतिशत और बास को करीब 48 प्रतिशत वोट मिले। बास ने 5 नवंबर को अपनी हार स्वीकार कर ली थी। इस जीत के साथ रमन दो दशक से अधिक समय बाद लॉस एंजिल्स में किसी मौजूदा मेयर को हराकर पद हासिल करने वाली पहली चुनौतीकर्ता बनीं।  नित्या रमन का जन्म केरल में हुआ था। वह छह साल की उम्र में अपने परिवार के साथ अमेरिका चली गई थीं। पेशे से शहरी योजनाकार (Urban Planner) रमन लॉस एंजिल्स सिटी काउंसिल की सदस्य रही हैं। अब वह शहर की 44वीं मेयर बनने जा रही हैं।  न्यूयॉर्क के मेयर जोरान ममदानी का जन्म युगांडा की राजधानी कंपाला में हुआ था। उनकी मां फिल्म निर्माता मीरा नायर और पिता शिक्षाविद महमूद ममदानी हैं। ममदानी दक्षिण एशियाई मूल के पहले और अफ्रीका में जन्मे न्यूयॉर्क के पहले मेयर हैं। उन्होंने 1 जनवरी 2026 को पद की शपथ ली थी।  भारतीय मूल के लोगों की मौजूदगी अमेरिकी स्थानीय प्रशासन में कई अन्य शहरों में भी है। ओहियो के सिनसिनाटी में आफताब प्योरवाल मेयर हैं। वर्जीनिया के रिचमंड में हैदराबाद में जन्मे डैनी अवुला शहर का नेतृत्व कर रहे हैं। कैलिफोर्निया के फ्रेमोंट में राज सलवान दिसंबर 2024 में पहले भारतीय-अमेरिकी निर्वाचित मेयर बने थे। न्यू जर्सी के कई नगरों में भी भारतीय मूल के मेयर हैं। इनमें एडिसन के समीप जोशी, पारसिप्पनी-ट्रॉय हिल्स के पुलकित देसाई, वेस्ट विंडसर के हेमंत मराठे और मोंटगोमरी की नीना सिंह के नाम शामिल हैं। इसके अलावा कनेक्टिकट के नॉर्विच में स्वर्णजीत सिंह, इलिनोइस के मोलिन में संगीता रायपति और टेक्सास के पेरिस शहर में मिहिर ‘मार्क’ पंकज मेयर के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं।