राजधानी दिल्ली में शुक्रवार को प्रस्तावित विरोध-प्रदर्शनों के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। इसका असर दिल्ली मेट्रो सेवाओं पर भी पड़ा है। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने सुरक्षा कारणों से 11 मेट्रो स्टेशनों पर यात्रियों की एंट्री और एग्जिट बंद करने का फैसला लिया है। DMRC के सर्विस अपडेट के मुताबिक, इन स्टेशनों पर अगले आदेश तक प्रवेश और निकास बंद रहेंगे। हालांकि, कुछ प्रमुख इंटरचेंज स्टेशनों पर यात्रियों को लाइन बदलने की सुविधा जारी रहेगी। DMRC के अनुसार, जिन स्टेशनों पर यात्रियों का प्रवेश और निकास बंद किया गया है, उनमें शामिल हैं:
- जनपथ
- पटेल चौक
- सेंट्रल सेक्रेटेरिएट
- राजीव चौक
- सेवा तीर्थ
- मंडी हाउस
- लोक कल्याण मार्ग
- INA
- चावड़ी बाजार
- रामकृष्ण आश्रम मार्ग
- नई दिल्ली
ये सभी स्टेशन दिल्ली के महत्वपूर्ण और व्यस्त इलाकों में स्थित हैं। ऐसे में इनके बंद रहने से रोजाना मेट्रो से सफर करने वाले यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए वैकल्पिक स्टेशन या मार्ग का इस्तेमाल करना पड़ सकता है। DMRC ने यात्रियों को राहत देते हुए स्पष्ट किया है कि राजीव चौक, मंडी हाउस, नई दिल्ली और सेंट्रल सेक्रेटेरिएट स्टेशनों पर इंटरचेंज की सुविधा उपलब्ध रहेगी। यानी यात्री इन स्टेशनों पर एक मेट्रो लाइन से दूसरी लाइन में बदल सकेंगे। हालांकि, इन स्टेशनों पर एंट्री और एग्जिट की अनुमति नहीं होगी। यात्रियों को स्टेशन के बाहर आने या स्टेशन के भीतर प्रवेश करने की सुविधा उपलब्ध नहीं रहेगी। DMRC ने यात्रियों से अपील की है कि वे मेट्रो से यात्रा शुरू करने से पहले आधिकारिक वेबसाइट और सोशल मीडिया हैंडल पर जारी ताजा अपडेट जरूर देख लें। सुरक्षा स्थिति के आधार पर स्टेशनों की स्थिति में बदलाव किया जा सकता है। शुक्रवार को दिल्ली के कई महत्वपूर्ण इलाकों में विरोध-प्रदर्शनों को देखते हुए सड़क यातायात के साथ-साथ सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था पर भी सुरक्षा संबंधी प्रतिबंध लगाए गए हैं। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे अपनी यात्रा की योजना पहले से बनाएं और जरूरत पड़ने पर वैकल्पिक मेट्रो स्टेशन या परिवहन साधन का इस्तेमाल करें।
