माइक्रोसॉफ्ट की क्लाउड और डिजिटल सेवाओं में आई वैश्विक तकनीकी गड़बड़ी का असर भारत में भी देखने को मिला है। विमानन सेवाओं पर इस व्यवधान के चलते यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। दिल्ली में तीन उड़ानें रद्द होने और दो उड़ानों के विलंब से संचालित होने की जानकारी सामने आई है। इस तकनीकी समस्या ने एक बार फिर दिखा दिया है कि विमानन जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्र में डिजिटल सिस्टम पर निर्भरता कितनी अधिक है। इस तकनीकी गड़बड़ी का सबसे अधिक असर स्पाइसजेट की उड़ानों पर पड़ा। शुक्रवार सुबह दिल्ली से संचालित होने वाली तीन उड़ानें रद्द कर दी गईं। इनमें दिल्ली से पुणे, दिल्ली से लेह और दिल्ली से मुंबई जाने वाली उड़ानें शामिल हैं। इसके अलावा दिल्ली से दरभंगा और दिल्ली से मुंबई जाने वाली स्पाइसजेट की दो अन्य उड़ानों में देरी हुई।  एयर इंडिया ने स्पष्ट किया कि माइक्रोसॉफ्ट आउटेज के बावजूद उसकी उड़ान सेवाएं सामान्य रूप से चल रही हैं। कंपनी ने ईमेल ट्रैफिक को अस्थायी रूप से दूसरे रास्ते से संचालित किया है, ताकि यात्रियों के संदेश प्राप्त करने में परेशानी न हो। वहीं, इंडिगो और अकासा एयर ने भी अपने यात्रियों को तकनीकी व्यवधान के बारे में जानकारी दी है। इंडिगो की ईमेल सपोर्ट सेवा प्रभावित हुई है, जबकि अकासा एयर ने भी ईमेल सपोर्ट में देरी की बात कही है। दोनों एयरलाइंस ने यात्रियों को वैकल्पिक माध्यमों से संपर्क करने की सलाह दी है।  माइक्रोसॉफ्ट का यह आउटेज केवल भारत तक सीमित नहीं है। Outlook, Teams, Copilot और Microsoft 365 की कई सेवाओं में दुनिया के अलग-अलग देशों से समस्याओं की शिकायतें सामने आई हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, 74 देशों में यूजर्स इस व्यवधान से प्रभावित हुए हैं। माइक्रोसॉफ्ट के अनुसार, Exchange Online से जुड़ी सेवाओं में तकनीकी परेशानी के कारण सर्वर प्रभावित हुए। कंपनी ने सेवाओं को बहाल करने के लिए सुधारात्मक कदम उठाए हैं, लेकिन रिकवरी की प्रक्रिया में चुनौतियां बनी हुई हैं। दिल्ली एयरपोर्ट से यात्रा करने वाले यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे घर से निकलने से पहले अपनी उड़ान का स्टेटस संबंधित एयरलाइन की वेबसाइट या आधिकारिक ऐप पर जरूर जांच लें। उड़ान रद्द होने या देरी की स्थिति में एयरलाइन से संपर्क कर आगे की जानकारी प्राप्त करें।