पश्चिम बंगाल के कोलकाता में एक सरकारी बिल्डिंग में आग लगने से करीब 4 हजार EVM जल गईं। ये मशीनें इसी साल हुए विधानसभा चुनाव में 10 सीटों पर इस्तेमाल की गई थीं। घटना के बाद TMC ने चुनाव आयोग से सवाल किए हैं। वहीं, कांग्रेस और AAP ने भी सरकार से जवाब मांगा है। पश्चिम बंगाल पुलिस ने जांच के लिए स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) बनाई है। बिल्डिंग में दक्षिण 24 परगना जिला परिषद समेत कई सरकारी दफ्तर हैं। आग पर पूरी तरह काबू पाने में करीब 24 घंटे लगे। पश्चिम बंगाल सरकार के मंत्री कौशिक चौधरी ने कहा कि आग सामान्य नहीं लगती। साजिस की आशंका खारिज नहीं की जा सकती है। FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। TMC ने X पर आग का वीडियो शेयर कर लिखा, “चुनाव आयोग हमेशा सवालों से बच नहीं सकता। EVM और CCTV फुटेज को सुरक्षित रखने के लिए पहले अदालत का दरवाजा खटखटाया गया था। फिर ऐसी घटना कैसे हो गई? क्या यह सिर्फ एक हादसा था या अहम सबूतों को मिटाने की सुनियोजित कोशिश?” TMC ने दावा किया कि आग में नष्ट हुई मशीनें कस्बा, जादवपुर, बेहाला ईस्ट, बेहाला वेस्ट, मेटियाबुरुज, सतगछिया और डायमंड हार्बर सब-डिवीजन की कई विधानसभा सीटों से जुड़ी थीं। कांग्रेस ने कहा- सरकार और चुनाव आयोग को यह साफ करना चाहिए कि आग कैसे लगी और नौवीं-दसवीं मंजिल तक कैसे पहुंची? AAP ने कहा- आखिर ऐसा क्या हुआ कि एक सरकारी भवन में इतनी भीषण आग लग गई? आग कैसे लगी, और हज़ारों EVM इस आग की चपेट में कैसे आ गईं, भाजपा जवाब दे? पश्चिम बंगाल के दमकल और आपदा प्रबंधन राज्य मंत्री कौशिक चौधरी ने बताया कि आग सबसे पहले दूसरी और तीसरी मंजिल पर दिखी थी। इसके बाद यह सातवीं, आठवीं, नौवीं और दसवीं मंजिल तक पहुंच गई। उन्होंने कहा कि चौथी, पांचवीं और छठी मंजिल को ज्यादा नुकसान नहीं हुआ, तो बिना आग ऊपर कैसे पहुंच गई? जांच की जा रही है कि इसके पीछे कोई साजिश तो नहीं थी। वहीं, केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने कहा कि साजिश की आशंका को खारिज नहीं किया जा सकता। BJP नेता राकेश सिंह ने इसे सुनियोजित घटना बताया है। हालांकि, अब तक इन दावों के समर्थन में कोई सबूत सार्वजनिक नहीं किया गया है। दक्षिण 24 परगना प्रशासन की शिकायत पर अलीपुर थाने में FIR दर्ज की गई है। पुलिस आग की वजह तलाश रही है। अभी यह साफ नहीं है कि आग शॉर्ट सर्किट से लगी या किसी और कारण से। फॉरेंसिक टीम मौके से नमूने जुटाएगी। जांच में यह भी देखा जाएगा कि आग हादसा थी या किसी ने जानबूझकर लगाई थी।
