पश्चिम बंगाल में मनी लांड्रिंग के खिलाफ फिर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में बुधवार सुबह केंद्रीय जांच एजेंसी के अधिकारियों ने कोलकाता के उपनगरीय इलाके कमलगाजी में एक व्यवसायी के घर पर दबिश दी। आरोप है कि यह व्यवसायी हवाला के जरिए बड़े पैमाने पर मनी लॉन्ड्रिंग का रैकेट चला रहा था। ईडी सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, यह तलाशी अभियान गुवाहाटी में दर्ज एक मामले के आधार पर चलाया गया है। जांच एजेंसी की एक टीम ने नरेंद्रपुर थाना क्षेत्र के कमालगाजी स्थित श्यामल व्यापारी नामक कारोबारी के घर और कार्यालय पर एक साथ छापेमारी की। श्यामल मूल रूप से चावल का व्यापार करते हैं। उन पर आरोप है कि उन्होंने चावल के कारोबार को ढाल बनाकर साइबर धोखाधड़ी के माध्यम से हवाला का करोड़ों रुपये इधर-उधर किया है। इस भारी वित्तीय धोखाधड़ी मामले की जांच करते हुए ईडी की टीम बुधवार सुबह इस कारोबारी के घर पहुंची और अहम दस्तावेजों की तलाश शुरू कर दी। उल्लेखनीय है कि करीब तीन सप्ताह पहले भी ईडी ने कुदघाट सहित कोलकाता के कुल आठ स्थानों पर एक साथ छापेमारी की थी। सूत्रों के अनुसार, भारी मुनाफे का लालच देकर आम लोगों से पैसा उगाहने वाली एक वित्तीय संस्था के खिलाफ धोखाधड़ी की शिकायत के आधार पर वह कार्रवाई की गई थी। इसके अलावा, करीब चार दिन पहले जांच एजेंसी के अधिकारियों ने आसनसोल औद्योगिक क्षेत्र में भी एक उद्योगपति के आवास पर इसी तरह की छापेमारी की थी। राज्य में लगातार हो रही इन कार्यवाहियों से कारोबारी जगत में हड़कंप मचा हुआ है।
