जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में दो विशेष पुलिस अधिकारी (SPO) लापता हो गए हैं। दोनों अधिकारी बुधवार को जिले के दुर्गम पहाड़ी इलाके दच्छन-मरवाह से लापता हुए। उनकी पहचान रशपाल कुमार और बाबी चंद के रूप में हुई है। अधिकारियों के मुताबिक, दोनों की तलाश के लिए इलाके में व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया गया है। लापता दोनों SPO स्थानीय पुलिस के विशेष अभियान समूह (SOG) में तैनात थे। सैन्य अधिकारियों के अनुसार, वे निर्धारित समय पर अपनी ड्यूटी के लिए कैंप नहीं पहुंचे, जिसके बाद उनकी तलाश शुरू की गई। लापता अधिकारियों की पहचान 45 वर्षीय रशपाल कुमार (बेल्ट नंबर 65) और 57 वर्षीय बाबी चंद (बेल्ट नंबर 920) के रूप में हुई है। दोनों किश्तवाड़ जिले के कियार दच्चन के निवासी बताए गए हैं। जानकारी के मुताबिक, दोनों की ड्यूटी रोटेशन के आधार पर 17 राष्ट्रीय राइफल्स (RR) के टीओबी कैंप धरना, सेक्टर मरवाह में लगाई गई थी। निर्धारित समय पर कैंप नहीं पहुंचने के बाद उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया। जिस क्षेत्र से दोनों अधिकारी लापता हुए हैं, उसे आतंकियों के प्रभाव वाला इलाका बताया जा रहा है। फिलहाल उनकी तलाश के लिए सुरक्षा एजेंसियों ने अभियान चलाया हुआ है। पुलिस की ओर से इस मामले पर आधिकारिक बयान सामने आने की जानकारी नहीं दी गई है। दूसरी ओर, श्रीनगर के नजदीक गांदरबल जिले में बुधवार देर रात आतंकियों के एक समूह को देखे जाने की सूचना मिली। इसके बाद सुरक्षाबलों ने इलाके में तलाशी अभियान शुरू किया। आतंकियों का ठिकाना होने के संदेह में कई स्थानों पर तलाशी ली गई। हालांकि, अभियान के दौरान आतंकियों का कोई सुराग नहीं मिला। देर रात तक सुरक्षा बलों की कार्रवाई जारी थी। इसी बीच कुलगाम जिले में CRPF की टीम पर भी आतंकी हमला हुआ। जानकारी के मुताबिक, बाइक सवार अज्ञात हमलावरों ने सुरक्षा चौकी पर तैनात CRPF जवानों को निशाना बनाकर गोलीबारी की। यह घटना दोपहर करीब 2:15 बजे हुई। गोलीबारी में तीन जवान गंभीर रूप से घायल हो गए। वारदात के तुरंत बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। किश्तवाड़ में दो SPO के लापता होने, गांदरबल में तलाशी अभियान और कुलगाम में CRPF पर हमले की घटनाओं के बाद जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है।
