कोलकाता के विवेकानंद युवा भारती क्रीड़ांगन (साल्टलेक स्टेडियम) में शनिवार को भारत और ब्राजील के बीच हुए रोमांचक मुकाबले के बाद मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने स्टेडियम में मौजूद और निराश हुए खेल प्रेमियों के लिए एक बड़ी सौगात का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री ने घोषणा की है कि आगामी 6 अक्टूबर को होने वाले भारत-उरुग्वे अंतरराष्ट्रीय मैच के लिए 22 हजार मुफ्त टिकट बांटे जाएंगे। यह विशेष राहत उन दर्शकों को दी जाएगी, जिन्होंने पिछले साल दिसंबर में लियोनेल मेसी के कार्यक्रम के दौरान ऑनलाइन टिकट खरीदने के बावजूद स्टेडियम में प्रवेश नहीं पाटा था और कुव्यवस्था का शिकार हुए थे। राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में इस प्रस्ताव पर मुहर लगने के बाद जल्द ही पात्र दर्शकों के पास आधिकारिक नोटिफिकेशन पहुंच जाएगा। बीते साल दिसंबर में जब फुटबॉल स्टार लियोनेल मेसी (LM10) को देखने के लिए युवाभारती में भव्य आयोजन किया गया था, तब भारी भीड़ और कुप्रबंधन के चलते भयंकर अव्यवस्था फैल गई थी। अत्यधिक भीड़ और सुरक्षा घेरे के टूटने के कारण मेसी को बीच में ही मैदान छोड़कर वापस लौटना पड़ा था। उस समय हजारों दर्शकों ने मोटी कीमत पर टिकट खरीदे थे, लेकिन वे अपने चहेते खिलाड़ी की एक झलक भी नहीं देख पाए थे। स्टेडियम में तोड़फोड़ और भारी हंगामा भी हुआ था। हालांकि तब मुआवजे का आश्वासन दिया गया था, लेकिन वह धरातल पर नहीं उतर पाया था। अब मौजूदा सरकार ने उस पुरानी टीस को दूर करते हुए उन सभी वंचित दर्शकों को उरुग्वे के खिलाफ होने वाले मैच में सीधा प्रवेश देने का बड़ा कदम उठाया है। शनिवार को पांच बार की विश्व चैंपियन ब्राजील के खिलाफ भारत का मुकाबला (0-4) बेहद अनुशासित और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। मैच के बाद मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने संतोष जताते हुए कहा कि इस बार फीफा (FIFA) के सभी नियमों और सुरक्षा मानकों का पूरी तरह से पालन किया गया है। अतीत की गलतियों से सबक लेते हुए इस बार न तो मैदान पर किसी वीवीआईपी या अधिकारी को सेल्फी लेने की अनुमति दी गई और न ही स्टेडियम की क्षमता से अधिक टिकट बेचे गए, जिससे दर्शकों की सुरक्षा और सुव्यवस्था पुख्ता रही। मैच के बाद ब्राजील के कोच कार्लो एन्सेलोटी ने भी शानदार बुनियादी ढांचे और बेहतरीन मेजबानी के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। मैच के सफल आयोजन के बाद खेल जगत में एक और सुखद पल देखने को मिला। ब्राजील की राष्ट्रीय टीम की ओर से स्टार खिलाड़ी विनीसियस जूनियर समेत अन्य खिलाड़ियों के हस्ताक्षर वाली एक विशेष जर्सी मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी को उपहार स्वरूप भेंट की गई। प्रशासन ने घोषणा की है कि मुख्यमंत्री के नाम वाली इस अनमोल जर्सी को राज्य सरकार के आधिकारिक संग्रहालय में सुरक्षित रखा जाएगा, जो इस ऐतिहासिक मैच की यादें ताजा रखेगी। भले ही भारतीय टीम ब्राजील के खिलाफ मैच हार गई हो, लेकिन खिलाड़ियों के लड़े जाने वाले जुझारू तेवर ने दर्शकों का दिल जीत लिया। खेल मंत्री इंद्रनील खां ने कहा कि इस सफल आयोजन ने साबित कर दिया है कि कोलकाता में खेल संस्कृति को फिर से उसकी भव्यता मिल रही है। मुख्यमंत्री ने संकेत दिया है कि जिस तरह ओडिशा सरकार भारतीय हॉकी टीम के साथ मजबूती से खड़ी है, उसी प्रकार पश्चिम बंगाल सरकार भी भविष्य में भारतीय फुटबॉल और खिलाड़ियों के संपूर्ण विकास के लिए हर संभव सहयोग प्रदान करेगी। कैबिनेट की आगामी बैठक में मुहर लगने के बाद, पिछले साल के उन 22 हजार टिकट धारकों की सूची और प्रक्रिया को अंतिम रूप दिया जाएगा। आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, अगले कुछ दिनों के भीतर ही उन तमाम प्रभावित खेल प्रेमियों के रजिस्टर्ड नंबरों या ईमेल पर मुफ्त पास या नोटिफिकेशन भेज दिए जाएंगे, जिससे वे इस बार बिना किसी बाधा के उरुग्वे के खिलाफ होने वाले अंतरराष्ट्रीय मुकाबले का लुत्फ उठा सकें।
