पश्चिम बंगाल के खेल मंत्री डॉ. इंद्रनील खान सोमवार को सड़क हादसे का शिकार हो गए. वह अपने घर से नवान्न (राज्य सचिवालय) जा रहे थे, तभी कोलकाता के बेहाला बाजार के पास उनकी कार की टक्कर हो गई. हादसे में मंत्री की गाड़ी का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. हालांकि, राहत की बात यह रही कि मंत्री को कोई गंभीर चोट नहीं आई. मिली जानकारी के मुताबिक, इंद्रनील खान सोमवार को बेहाला स्थित अपने घर से सरकारी काम के लिए नवान्न जा रहे थे. इसी दौरान डायमंड हार्बर रोड पर बेहाला बाजार के सामने यह दुर्घटना हुई. बताया जा रहा है कि मंत्री की गाड़ी के आगे चल रहे एक ऑटो रिक्शा ने अचानक ब्रेक लगा दिया. इसके बाद पीछे चल रही गाड़ियों को संभलने का मौका नहीं मिला और टक्कर हो गई. इस दौरान मंत्री की कार भी हादसे की चपेट में आ गई. हादसे के समय इंद्रनील खान अपनी कार की आगे वाली सीट पर बैठे हुए थे. टक्कर इतनी तेज थी कि गाड़ी का अगला हिस्सा काफी खराब हो गया. इस सड़क हादसे के बाद मंत्री की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई थी. हालांकि, शुरुआती जानकारी के मुताबिक, इंद्रनील खान को हाथ में हल्की चोट आई है. उन्हें कोई गंभीर चोट नहीं लगी है. हादसे में शामिल अन्य लोग भी सुरक्षित बताए जा रहे हैं. किसी के गंभीर रूप से घायल होने की खबर नहीं है. इस घटना के बीच सबसे राहत देने वाली बात यह रही कि इंद्रनील खान ने अपना सरकारी काम नहीं रोका. हादसे के बावजूद वह नवान्न पहुंचे और कैबिनेट की बैठक में शामिल हुए. मंत्री के करीबी लोगों ने मीडिया को बताया कि उनके हाथ में मामूली चोट आई है, लेकिन उनकी हालत ठीक है. उन्होंने यह भी बताया कि मंत्री कैबिनेट बैठक में शामिल हुए और हादसे में किसी को भी गंभीर चोट नहीं आई. इस तरह बेहाला में हुए इस सड़क हादसे के बाद भी इंद्रनील खान ने अपनी सरकारी जिम्मेदारियां निभाईं.
