दिल्ली में चार मंजिला इमारत ढहने से मरने वालों की संख्या बढ़कर 6 हुई, कई घायल

उत्तर-पूर्वी दिल्ली के वेलकम इलाके में चार मंजिला इमारत गिरने से दो साल की बच्ची समेत छह लोगों की मौत हो गई। आठ लोग घायल हो गए। उत्तर-पूर्वी दिल्ली की जनता मजदूर कॉलोनी में शनिवार सुबह एक चार मंजिला इमारत गिर गई। हादसा सुबह करीब सात बजे हुआ। उस समय ज्यादातर लोग काम पर जाने की तैयारी कर रहे थे। दमकल की सात गाड़ियां मौके पर बचाव कार्य कर रही हैं। घटना में अब तक छह लोगों की मौत की खबर है। कई लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। कई और लोगों के फंसे होने की आशंका है। इमारत के मालिक, उनकी पत्नी, दो बेटों और दो अन्य लोगों के शव मलबे से निकालकर जीटीबी अस्पताल भेज दिए गए हैं। आठ लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मलबे में फंसे लोगों को निकालने के प्रयास जारी हैं। बचाव अभियान के लिए एनडीआरएफ समेत कई एजेंसियों को लगाया गया है। दिल्ली पुलिस, दमकल और एनडीआरएफ की टीमें घटनास्थल पर राहत और बचाव कार्य कर रही हैं। एडिशनल डीसीपी (ईस्ट) संदीप लाबा ने बताया, “बचाव अभियान जारी है। सुबह 7:02 बजे हमें सूचना मिली कि वेलकम इलाके के पास एक चार मंजिला इमारत ढह गई है। अभी भी तीन से चार लोगों के फंसे होने की आशंका है। कुल 70 लोगों को बचाया गया है, जिनमें से छह को जगप्रवेश सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें एक 14 महीने का बच्चा भी है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। बच्चे को गुरु तेग बहादुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *