पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल क्षेत्र में रविवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार हाइवा ने शादी समारोह से लौट रही स्कॉर्पियो को टक्कर मार दी। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। स्कॉर्पियो में कुल आठ लोग सवार थे। सभी लोग शादी समारोह में शामिल होने के बाद अपने घर लौट रहे थे। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के मुताबिक, सिकंदरा गांव से बारात बख्तियारपुर आई थी। शादी समारोह संपन्न होने के बाद सभी लोग सुबह स्कॉर्पियो से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान बाढ़ अनुमंडल क्षेत्र में जगन्नाथ पेट्रोल पंप के पास सबनीमा गांव के नजदीक फोरलेन पर तेज रफ्तार हाइवा ने स्कॉर्पियो को टक्कर मार दी।टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कॉर्पियो में सवार आठ लोग हादसे का शिकार हो गए। इनमें चार लोगों की मौत हो गई, जबकि चार की हालत गंभीर बताई जा रही है। मृतक धीरज कुमार की मां ने बताया कि उनका बेटा पेशेवर ड्राइवर नहीं था। वह पढ़ाई कर रहा था और हाल ही में उसने 30 हजार रुपये की किताबें मंगवाई थीं।मां के मुताबिक, धीरज शादी में शामिल होने के लिए स्कॉर्पियो लेकर गया था। किसी को अंदाजा नहीं था कि घर लौटते समय यह सफर उसकी जिंदगी का आखिरी सफर बन जाएगा। हादसे में जान गंवाने वाली पूनम कुमारी सिकंदरा गांव की रहने वाली थी। उसकी मां ने बताया कि परिवार में बड़े भाई की शादी थी, जिसमें शामिल होने के लिए पूनम बारात के साथ गई थी।शादी समारोह संपन्न होने के बाद वह घर लौट रही थी, लेकिन रास्ते में हुए भीषण हादसे में उसकी मौत हो गई। अथमलगोला थाना के ASI ने बताया कि हादसा जगन्नाथ पेट्रोल पंप के पास सबनीमा गांव के नजदीक फोरलेन पर हुआ। घटना सुबह करीब 5 बजे की है। सिकंदरा गांव से बारात बख्तियारपुर गई थी। शादी संपन्न होने के बाद सभी लोग सुबह लौट रहे थे। इसी दौरान हाइवा ने स्कॉर्पियो में टक्कर मार दी। हादसे में चार लोगों की मौत के बाद मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है। वहीं, चार अन्य घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
