गुजरात के कच्छ जिले में शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में सात लोगों की मौत हो गई। भुज-खावड़ा नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार ट्रक और एक कार के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार किसी भी व्यक्ति को बचाया नहीं जा सका। मृतकों में तीन छोटे बच्चे भी शामिल हैं। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, कार में सवार सभी लोग रण ऑफ कच्छ घूमने के बाद भुज लौट रहे थे। इसी दौरान रात करीब 10 बजे हाईवे पर उनकी कार की एक तेज रफ्तार ट्रक से टक्कर हो गई। हादसे में कार सवार सभी सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में एक तीन महीने की बच्ची भी शामिल है। पुलिस कंट्रोल रूम से मिली जानकारी के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोग उत्तराखंड के गढ़वाल क्षेत्र के रहने वाले थे। वे भुज में तैनात सेना के जवानों के परिवार के सदस्य थे। इस हादसे ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। इस दुर्घटना में जान गंवाने वालों की पहचान सौरभ सिंह नेगी (30), उनकी पत्नी सविता (30), तीन महीने की बेटी शिविका, राजेश सिंह रावत (35), उनकी सात वर्षीय बेटी रक्षिता, रिंकी गोसाईं (30) और उनकी चार वर्षीय बेटी वामिका के रूप में हुई है। एक ही हादसे में तीन बच्चों समेत सात लोगों की मौत से इलाके में मातम पसरा हुआ है। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त होकर धातु के मलबे में तब्दील हो गई। हादसे के बाद राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। कार में फंसे शवों को बाहर निकालने में बचाव दल को कई घंटे तक मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाते हुए आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।