कोलकाता के ऐतिहासिक कॉलेज स्ट्रीट इलाके में एक बार फिर राजनीतिक और प्रशासनिक तनाव देखने को मिला। किताबों की दुकानों के लिए मशहूर इस इलाके में बुकस्टॉल लगाने को लेकर SFI कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि नौबत धक्का-मुक्की और हिरासत तक पहुंच गई। विरोध में छात्र संगठन के कार्यकर्ता सड़क पर बैठ गए और किताबें सजाकर प्रदर्शन करने लगे। घटना के बाद कॉलेज स्ट्रीट में कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ। दरअसल, SFI और वामपंथी संगठनों की ओर से 17 से 19 नवंबर तक कॉलेज स्ट्रीट में तीन दिवसीय मिनी पुस्तक मेले का आयोजन प्रस्तावित था। महाबोधि सोसाइटी हॉल के सामने नेशनल बुक एजेंसी की पहल पर इस कार्यक्रम के तहत अलग-अलग तरह की किताबों की बिक्री होनी थी। SFI कार्यकर्ताओं का दावा है कि इस आयोजन के लिए पहले से जरूरी अनुमति ली गई थी और वे पिछले चार वर्षों से नवंबर महीने में कलकत्ता विश्वविद्यालय के सामने इसी तरह पुस्तक बिक्री का आयोजन करते आ रहे हैं। आरोप है कि सोमवार शाम को जब कार्यकर्ताओं ने बुकस्टॉल लगाने की तैयारी शुरू की, तभी पुलिस ने उन्हें रोक दिया। पुलिस की ओर से कथित तौर पर कहा गया कि संबंधित जगह पर अस्थायी दुकान लगाने की अनुमति नहीं है। इसके बाद से ही विवाद शुरू हो गया। मंगलवार के विवाद के बाद बुधवार, 18 नवंबर को कॉलेज स्ट्रीट में तनाव और बढ़ गया। SFI के बुकस्टॉल के जवाब में ABVP के कार्यकर्ता भी उसी इलाके में अपने बुकस्टॉल के साथ पहुंच गए। ABVP की ओर से राष्ट्रवादी साहित्य की किताबें सजाई गईं, जबकि SFI की ओर से वामपंथी और प्रगतिशील साहित्य की पुस्तकें रखी गई थीं। दोनों छात्र संगठनों के आमने-सामने आने के बाद कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई। इस दौरान दोनों पक्षों के कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की हुई। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने मौके पर बैरिकेडिंग कर दी, लेकिन इसके बावजूद तनाव कम नहीं हुआ। ABVP कार्यकर्ताओं की ओर से बैरिकेडिंग तोड़ने की कोशिश के दौरान पुलिस के साथ भी धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई।  इस पूरे विवाद की शुरुआत SFI के पुस्तक बिक्री कार्यक्रम को लेकर हुई थी। SFI का कहना है कि चार वर्षों से चल रही परंपरा के तहत इस बार भी पुस्तक बिक्री की तैयारी की गई थी और इसके लिए जरूरी अनुमति ली गई थी। वहीं, पुलिस की दलील थी कि सड़क पर अस्थायी बुकस्टॉल लगाने से यातायात प्रभावित हो सकता है और संबंधित स्थान पर इसकी अनुमति नहीं है। मंगलवार को प्रदर्शन के दौरान SFI के प्रदेश सचिव देवांजन दे समेत कई कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया था। बाद में उन्हें छोड़ दिया गया। इसके बाद SFI ने बुधवार को भी उसी स्थान पर बुकस्टॉल लगाने का ऐलान किया था।  कॉलेज स्ट्रीट की पहचान लंबे समय से किताबों और साहित्यिक गतिविधियों से रही है। ऐसे में पुस्तक स्टॉल को लेकर दो छात्र संगठनों के बीच आमने-सामने की स्थिति बनने से इलाके में तनाव बढ़ गया है। फिलहाल इस घटनाक्रम ने बंगाल में छात्र राजनीति और पुस्तक संस्कृति को लेकर एक नई बहस छेड़ दी है।