जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में बुधवार सुबह सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई। इस दौरान सुरक्षाबलों ने लश्कर-ए-तैयबा के मोस्ट वांटेड आतंकी लतीफ अहमद भट को मार गिराया। अधिकारियों के मुताबिक, आतंकी एक मस्जिद में छिपा हुआ था। जानकारी के अनुसार, जम्मू-कश्मीर पुलिस और सुरक्षाबलों की संयुक्त टीम ने इलाके में लतीफ अहमद भट को घेर लिया था। सुरक्षाबलों ने कार्रवाई से पहले उसे आत्मसमर्पण करने का मौका भी दिया, लेकिन इसके बाद मुठभेड़ में उसे मार गिराया गया। इससे एक दिन पहले मंगलवार को कुलगाम के लारू इलाके में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई थी। इस कार्रवाई में डार नाम का आतंकी मारा गया था, जबकि लतीफ अहमद भट शुरुआती घेराबंदी से बचकर भाग निकलने में कामयाब रहा था। इसके बाद सुरक्षाबलों ने उसकी तलाश जारी रखी। बुधवार सुबह उसे घेरकर कार्रवाई की गई और मुठभेड़ में वह मारा गया। अधिकारियों के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर पुलिस और अन्य सुरक्षाबलों की संयुक्त टीम ने इलाके में आतंकियों की मौजूदगी की सूचना के आधार पर अभियान चलाया था। लतीफ के मस्जिद में छिपे होने की जानकारी सामने आई है। सुरक्षाबलों ने उसे सरेंडर करने का अवसर देने के बाद कार्रवाई की। कुलगाम में लगातार दूसरे दिन हुई इस कार्रवाई को आतंकवाद के खिलाफ अभियान में सुरक्षाबलों की अहम कामयाबी माना जा रहा है।
