बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर गोलीबारी की कोशिश के बाद महाराष्ट्र में कानून-व्यवस्था को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। घटना के बाद विपक्षी दलों ने राज्य सरकार को घेरते हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर सवाल उठाए और उनके इस्तीफे की मांग की। वहीं, महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे देर रात टाइगर श्रॉफ से मिलने उनके आवास पहुंचे। गोलीबारी की घटना के बाद उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने देर रात टाइगर श्रॉफ से उनके आवास पर मुलाकात की। शिंदे ने घटना को गंभीर और निंदनीय बताते हुए कहा कि अभिनेता सुरक्षित हैं, हालांकि उनके ड्राइवर को चोटें आई हैं। शिंदे के मुताबिक, मुलाकात के दौरान उन्हें बताया गया कि टाइगर के बाएं हाथ में बारूद और कांच के टुकड़ों से चोटें आई हैं। अभिनेता और उनकी मां इस घटना से सदमे में हैं। शिंदे ने उन्हें आश्वासन दिया कि राज्य सरकार इस मामले को गंभीरता से ले रही है और किसी भी तरह की धमकी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। एकनाथ शिंदे ने कहा कि सार्वजनिक हस्तियों को धमकाने और लोगों में डर पैदा करने की कोशिशों के खिलाफ सरकार सख्त कदम उठाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। शिंदे ने मुंबई में 1990 के दशक में गैंगवार की घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि ऐसी गतिविधियों पर पहले भी पुलिस ने रोक लगाई थी। उन्होंने स्पष्ट किया कि शहर में डर और दहशत का माहौल बनाने की कोशिशों को स्वीकार नहीं किया जाएगा। मुंबई के जुहू इलाके में रविवार शाम टाइगर श्रॉफ की कार पर गोलीबारी की घटना हुई।  हमलावरों ने पांच राउंड गोलियां चलाईं। अभिनेता को सीधे गोली नहीं लगी, लेकिन बारूद और कांच के टुकड़ों से चोटें आईं। घटना में उनके ड्राइवर और एक ऑटो रिक्शा चालक के घायल होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों की मदद से हमलावरों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। गोलीबारी की घटना के बाद फिल्म इंडस्ट्री की हस्तियों ने भी टाइगर श्रॉफ से मुलाकात की। अभिनेत्री दिशा पाटनी भी उनके आवास पहुंचीं। इस घटना के बाद महाराष्ट्र में कानून-व्यवस्था को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। कांग्रेस और एनसीपी के नेताओं ने राज्य सरकार की आलोचना करते हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के इस्तीफे की मांग की है। विपक्षी नेताओं ने राज्य में अपराध की स्थिति पर सवाल उठाए हैं।वहीं, राज्य सरकार की ओर से एकनाथ शिंदे ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया है।