हिमाचल प्रदेश में पैराग्लाइडिंग के दौरान एक बार फिर दर्दनाक हादसा हुआ है. कांगड़ा जिले के विश्व प्रसिद्ध बीड़-बिलिंग में पैराग्लाइडिंग करते समय 26 वर्षीय पर्यटक की नीचे गिरने से मौत हो गई. पर्यटक ने स्थानीय पायलट के साथ उड़ान भरी थी, लेकिन उड़ान शुरू होने के करीब छह मिनट बाद ही वह पैराग्लाइडर से नीचे गिर गया. हादसे में पायलट सुरक्षित लैंडिंग करने में सफल रहा, जबकि पर्यटक का शव देर शाम जंगल से बरामद किया गया. मृतक की पहचान ग्रेटर नोएडा (उत्तर प्रदेश) निवासी शुभम डोभियाल के रूप में हुई है. पुलिस ने मामले में संबंधित पायलट के खिलाफ लापरवाही के आरोप में FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. जानकारी के अनुसार, शुभम अपनी बहन और तीन चचेरे भाइयों के साथ हिमाचल प्रदेश घूमने आया था. मंगलवार शाम वह बीड़-बिलिंग में स्थानीय पायलट विनय कुमार के साथ टेंडम पैराग्लाइडिंग उड़ान पर गया था. बिलिंग से उड़ान भरने के करीब छह मिनट बाद ही यह हादसा हो गया. शुभम हवा में पैराग्लाइडर से छूटकर बाड़ी गांव के समीप जंगल में जा गिरा, जबकि पायलट सुरक्षित लैंडिंग साइट पर पहुंच गया. वहां पहुंचकर पायलट ने अन्य साथियों को पर्यटक के नीचे गिरने की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस और बचाव दल को सूचित किया गया. सूचना मिलते ही जंगल में तलाशी अभियान शुरू किया गया और काफी मशक्कत के बाद देर शाम शुभम का शव बरामद किया गया. हादसे के बाद कांगड़ा पुलिस ने पैराग्लाइडिंग पायलट विनय कुमार के खिलाफ मामला दर्ज किया है. पुलिस ने बीड़ पुलिस थाने में लापरवाही के कारण मौत होने के आरोप में FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. हालांकि, अभी तक हादसे की असली वजह सामने नहीं आई है. शुभम के चचेरे भाई मनीष ने बताया कि परिवार के दूसरे सदस्यों ने भी पैराग्लाइडिंग की थी. उन्हें हादसे के बारे में अपनी उड़ान पूरी करने और लैंडिंग के बाद जानकारी मिली. पायलट ने ही उन्हें घटना के बारे में बताया. इस खबर के बाद परिवार में मातम छा गया. बीड़-बिलिंग देश और विदेश के पर्यटकों के बीच पैराग्लाइडिंग के लिए प्रसिद्ध है. हर साल बड़ी संख्या में पर्यटक यहां इस रोमांचक गतिविधि का अनुभव लेने पहुंचते हैं. लेकिन इस हादसे ने एक बार फिर पैराग्लाइडिंग में पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है.
