देश के पहले गृह मंत्री और पूर्व उपप्रधानमंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर देशभर में उन्हें याद किया जा रहा है। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। नेताओं ने राष्ट्र के एकीकरण, राष्ट्रीय एकता और अखंडता में सरदार पटेल के ऐतिहासिक योगदान को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का आह्वान किया। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर सरदार पटेल को श्रद्धांजलि देते हुए उन्हें आधुनिक भारत का शिल्पकार और लौह पुरुष बताया। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की शक्ति उसकी एकता और ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना में निहित है। सीएम योगी के मुताबिक, सरदार पटेल का जीवन ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प को साकार करने की प्रेरणा देता है। पश्चिम बंगाल के सुवेंदु अधिकारी ने राष्ट्रीय एकता दिवस पर सरदार पटेल को नमन किया। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल साहस, दूरदर्शी राजनीति और अटूट देशभक्ति के प्रतीक थे। उन्होंने सरदार पटेल के नेतृत्व में 560 से अधिक रियासतों के एकीकरण को याद करते हुए कहा कि इस ऐतिहासिक प्रयास ने एक संप्रभु, एकजुट और सशक्त गणराज्य की नींव रखी। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सरदार पटेल को महान स्वतंत्रता सेनानी और कुशल प्रशासक बताते हुए श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि स्वतंत्र भारत को एक सूत्र में पिरोने में सरदार पटेल की ऐतिहासिक भूमिका रही। धामी ने कहा कि राष्ट्र की एकता और अखंडता के प्रति उनका समर्पण, साहस और दूरदर्शी नेतृत्व सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सरदार पटेल को राष्ट्रीय एकता और अखंडता का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति और नेतृत्व से सरदार पटेल ने देश की रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर अखंड भारत के निर्माण में अतुलनीय योगदान दिया। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल का जीवन हमेशा देशहित को सर्वोपरि रखने की प्रेरणा देता रहेगा। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सरदार पटेल को राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता का महान शिल्पकार बताया। उन्होंने कहा कि अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति और अद्वितीय नेतृत्व से सरदार पटेल ने विविधताओं से भरे देश को एकता के सूत्र में पिरोने का ऐतिहासिक कार्य किया। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सरदार पटेल को राष्ट्रीय एकता का प्रखर प्रहरी बताते हुए नमन किया। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने अपने साहस, दृढ़ इच्छाशक्ति और राष्ट्रनिष्ठा से सैकड़ों रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर सशक्त भारत की नींव रखी। उन्होंने किसानों के अधिकारों, ग्रामीण स्वावलंबन और समाज के अंतिम व्यक्ति के उत्थान के लिए सरदार पटेल के संघर्ष को राष्ट्रसेवा का अनुपम उदाहरण बताया। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सरदार पटेल को श्रद्धांजलि देते हुए राष्ट्रीय एकता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि मातृभूमि के लिए समर्पित सरदार पटेल का जीवन राष्ट्र के नवनिर्माण के संकल्प को मजबूत करता है। वह देशभक्तों के लिए प्रेरणा के अनंत स्रोत बने रहेंगे। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सरदार पटेल को अखंड भारत के निर्माण में अतुलनीय योगदान देने वाला नेता बताया। उन्होंने कहा कि देश की एकता और अखंडता को सर्वोपरि रखने का सरदार पटेल का संकल्प और राष्ट्र के प्रति उनका समर्पण हमेशा देशवासियों को प्रेरित करता रहेगा। सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर देशभर में उन्हें याद करते हुए राष्ट्रीय एकता, अखंडता और एकजुटता के उनके संदेश को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया जा रहा है।
