राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 22 और 23 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगी। इस दौरान वे राजधानी रायपुर और जगदलपुर में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगी। दौरे के दौरान राष्ट्रपति स्मारक सिक्का जारी करने के साथ धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भी हिस्सा लेंगी। राष्ट्रपति के दौरे को लेकर प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 22 अक्टूबर को दोपहर 12:45 बजे रायपुर स्थित लोक भवन में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगी। यहां वे पूज्य माता हासी देवी जी के सम्मान में 200 रुपये का स्मारक सिक्का जारी करेंगी। इसके बाद शाम 4 बजे राष्ट्रपति रायपुर के इंडोर स्टेडियम में नुआखाई पर्व के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लेंगी। वे ‘सेवा सम्मान पर्व’ और ‘युवा प्रबोधन’ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भी मौजूद रहेंगी। राष्ट्रपति 23 अक्टूबर को बस्तर संभाग के जगदलपुर पहुंचेंगी। यहां सुबह 11 बजे वे मां दंतेश्वरी मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगी। इसके बाद दोपहर 12:45 बजे मुरिया दरबार और बस्तर दशहरा के अवसर पर आयोजित सार्वजनिक कार्यक्रम में शामिल होंगी। राष्ट्रपति के छत्तीसगढ़ दौरे को देखते हुए रायपुर और जगदलपुर में प्रशासनिक तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। विभिन्न कार्यक्रमों के आयोजन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर संबंधित विभागों की ओर से तैयारी की जा रही है। राष्ट्रपति का यह दौरा छत्तीसगढ़ की धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक गतिविधियों से जुड़े कई कार्यक्रमों में उनकी भागीदारी के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।