प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवारको फिलीपींस की राजधानी मनीला स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारा खालसा दीवान पहुंचे। यहां उन्होंने मत्था टेका और गुरुद्वारे में आयोजित अरदास में हिस्सा लिया। इस दौरान पीएम मोदी ने गुरुद्वारे के पुनर्निर्माण की आधारशिला भी रखी। दर्शन के बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी यात्रा को लेकर संदेश साझा किया। प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, “मैं खुद को बहुत भाग्यशाली मानता हूं कि मैं मनीला के गुरुद्वारा खालसा दीवान में आ पाया।” गुरुद्वारा खालसा दीवान फिलीपींस का सबसे पुराना गुरुद्वारा है। इसकी स्थापना 1920 के दशक में हुई थी। लंबे समय से यह मनीला में रहने वाले सिख और पंजाबी समुदाय के लिए धार्मिक और सामाजिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र रहा है। ऐतिहासिक गुरुद्वारा खालसा दीवान को आधुनिक और भव्य 5 मंजिला कॉम्प्लेक्स के रूप में विकसित किया जाएगा। इसमें समुदाय के लोगों के लिए पर्याप्त जगह और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। पीएम मोदी ने इस पुनर्निर्माण कार्य की आधारशिला रखी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को आसियान-भारत शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए फिलीपींस पहुंचे। मनीला पहुंचने पर भारतीय समुदाय ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।पीएम मोदी मंगलवार को 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और 21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन (EAS) में हिस्सा लेंगे। फिलीपींस में भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया के नेताओं की प्रस्तावित बैठक भी अहम मानी जा रही है। करीब दो साल बाद क्वाड देशों के नेताओं को शीर्ष स्तर पर एक साथ लाने वाली इस बैठक पर दुनिया की नजरें टिकी हैं।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की संभावित मुलाकात भी इस बैठक का महत्वपूर्ण पहलू होगी।
