देश की राजधानी दिल्ली में आज हरियाणा बीजेपी विधायकों की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ मुलाकात हुई है. इस दौरान कई मुद्दों पर चर्चा हुई है. बैठक में हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी भी मौजूद थे. प्रधानमंत्री आवास पर बैठक से पहले दिल्ली स्थित हरियाणा भवन में सीएम ने सभी विधायकों के साथ लंच किया. इसके बाद हरियाणा के सभी 48 बीजेपी विधायक सीएम नायब सैनी के साथ दिल्ली में प्रधानमंत्री आवास पहुंचे, जहां उनकी मुलाकात पीएम नरेंद्र मोदी से हुई. सभी विधायक इलेक्ट्रिक बस में बैठकर मोदी से मिलने के लिए पहुंचे. इस दौरान भाजपा की नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता भी मौजूद थी. पीएम मोदी के साथ बैठक में हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की और बैठक की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज लंबा समय हरियाणा के विधायकों को दिया. प्रधानमंत्री ने जो बात बताई है, उसे सभी विधायक और मंत्री अपनी विधानसभा में फॉलो करेंगे. प्रधानमंत्री के साथ प्रेरणा दायक बैठक रही हैं, हरियाणा को विकसित और भारत को विकसित बनाने के लिए प्रधानमंत्री ने सुझाव दिए हैं, हर गांव ज़ब विकसित होगा तभी सपना पूरा होगा. पीएम मोदी ने कहा कि लोगों के साथ संपर्क लगातार बनाए रखना चाहिए और समय-समय पर लोगों के साथ बैठक होनी चाहिए. गांव-गांव टोली जाए, टिफिन बैठक करें, लोगों के साथ संवाद करे और स्थानीय समस्याओं पर चर्चा करके उनका समाधान करें. प्रधानमंत्री ने बताया कि हरियाणा के सभी विधायक गांव में घर-घर जाकर लोगों के साथ संवाद करें।. राजनीति हमारे लिए सत्ता नहीं है, वो सेवा का माध्यम है. राजनीति केवल चुनाव जीतना ही नहीं है, बल्कि लोगों की सेवा करना हमारा राजनीतिक उद्देश्य है. पीएम मोदी ने गुरू मंत्र देते हुए कहा कि “किसानों को अन्नदाता के साथ साथ ऊर्जावान किसान बनाने पर भी जोर दें. सोलर पैनल लगाने के लिए किसानों को जागरूक किया जाए. विकसित भारत की यात्रा हरियाणा को आगे बढ़ाने का भी प्रयास है. कृषि में नहीं, सोच और नई दिशा में आगे बढ़ने की जरूरत है. प्राकृतिक खेती से किसानों को जोड़ा जाए, एक परिवार एक एकड़ जमीन पर कम से कम प्राकृतिक खेती करे, इसके लिए सभी विधायक अपनी विधानसभा क्षेत्र में लोगों को जागरूक करें. किसानों को मजबूत किया जाए, किसान मजबूत होगा तो हरियाणा मजबूत होगा तभी विकसित भारत बनेगा. युवाओं के कौशल को लेकर भी प्रधानमंत्री ने सुझाव दिया है. हरियाणा के युवाओं को स्किल इंडिया से जोड़ा जाएगा. गुरुग्राम को और बेहतर बनाया जाएगा। गुरुग्राम एक ग्लोबल सिटी है।. करीब एक घंटे तक चली बैठक में प्रधानमंत्री मोदी ने प्रदेश के सियासी हालात, खिलाड़ियों पर भी चर्चा की. सीएम नायब सैनी के साथ भी पीएम ने अकेले में मुलाकात की. हाल ही में स्मृति ईरानी को हरियाणा भाजपा का नया प्रभारी और डॉ. अर्चना गुप्ता को प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है. ऐसे में नए नेतृत्व के साथ संगठन को मजबूत करने और पंजाब विधानसभा चुनाव में हरियाणा के नेताओं की भूमिका को लेकर भी बैठक में चर्चा होने की बात कही जा रही है. खुद सीएम नायब सिंह सैनी पंजाब विधानसभा चुनाव को लेकर बेहद एक्टिव मोड में है और पंजाब के दौरे भी कर रहे हैं. ऐसे में हरियाणा का पड़ोसी राज्य होने के चलते बीजेपी को वहां हरियाणा का जादू दोहराने की उम्मीद है.पंजाब से सटे हरियाणा के जिलों में संगठन की सक्रियता बढ़ाने और नेताओं की जिम्मेदारियां भी तय किए जाने की चर्चा है. 12 साल में ये पहला मौका है, जब हरियाणा BJP के सभी विधायकों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संवाद किया है. इससे पहले साल 2014 में भाजपा के सभी विधायकों की पीएम मोदी के साथ बैठक हुई थी. इससे पहले प्रदेश अध्यक्ष अर्चना गुप्ता ने 29 जुलाई को हरियाणा बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष का पदभार संभालने के बाद प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात की थी. तब प्रधानमंत्री ने हरियाणा के विधायकों से मिलने का वादा किया था. बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 1 नवंबर को हरियाणा दिवस के मौके पर हरियाणा आ सकते हैं. ऐसे में उनके संभावित दौरे से पहले भाजपा विधायकों के साथ हुई बैठक अहम मानी जा रही है.
