पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने IIT खड़गपुर के ऐतिहासिक महत्व का जिक्र करते हुए कहा कि इस संस्थान का इतिहास भारत के स्वतंत्रता संग्राम से जुड़ा हुआ है। उन्होंने बताया कि ब्रिटिश शासन के दौरान यहां डिटेंशन कैंप हुआ करता था। आजादी के बाद इसी ऐतिहासिक स्थान पर IIT खड़गपुर की स्थापना हुई, जो आज देश के प्रमुख तकनीकी संस्थानों में शामिल है। मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का IIT खड़गपुर के साथ लंबे समय से जुड़ाव रहा है। प्रधानमंत्री आज पहली बार यहां नहीं आए हैं, बल्कि वर्ष 2021 में भी उन्होंने इस संस्थान का दौरा किया था। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के इस संस्थान के प्रति जुड़ाव को भी रेखांकित किया। सुवेंदु अधिकारी ने प्रधानमंत्री के कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि उनका शेड्यूल काफी व्यस्त था। खराब मौसम के कारण उन्हें सड़क मार्ग से IIT खड़गपुर पहुंचना पड़ा। इसके बावजूद उन्होंने यहां आधे घंटे से अधिक समय तक प्रभावशाली भाषण दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने तमाम व्यस्तताओं के बीच जिस तरह समय निकाला, वह सराहनीय है। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के युवा पीढ़ी के साथ संवाद को विशेष रूप से उल्लेखनीय बताया। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम से पहले प्रधानमंत्री ने भविष्य के नेतृत्वकर्ताओं और युवाओं के साथ बातचीत की। इस दौरान मुख्यमंत्री, राज्यपाल और केंद्रीय मंत्री भी मौजूद थे। सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि उन्होंने खुद देखा कि प्रधानमंत्री किस तरह युवाओं को प्रेरित कर रहे थे और उन्हें नए इनोवेटिव आइडिया दे रहे थे। सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विकसित भारत 2047 का विजन देश की युवा पीढ़ी के लिए बेहद प्रेरणादायक है। प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में युवाओं को देश के विकास में योगदान देने के लिए प्रोत्साहित किया। उनके मुताबिक, प्रधानमंत्री के विचारों ने युवाओं में नए संकल्प और ऊर्जा का संचार किया है। मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में पश्चिम बंगाल का बड़ा योगदान रहेगा। उन्होंने कहा कि यह केवल सरकार की उम्मीद नहीं, बल्कि उसकी प्रतिबद्धता भी है। पश्चिम बंगाल की जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम और उनकी गारंटी पर भरोसा जताते हुए परिवर्तन का फैसला किया है। सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि अब राज्य सरकार की जिम्मेदारी है कि पश्चिम बंगाल को विकास के रास्ते पर आगे ले जाए। उन्होंने दोहराया कि विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में विकसित पश्चिम बंगाल की महत्वपूर्ण भूमिका सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता और प्रतिबद्धता है।
