प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को धनतेरस के पावन अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए संदेश साझा करते हुए भगवान धन्वन्तरि को श्रद्धापूर्वक नमन किया और सभी के जीवन में सुख, शांति और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संदेश में लिखा, “सभी देशवासियों को धनतेरस की अनंत शुभकामनाएं। भगवान धन्वन्तरि की दिव्य कृपा से सभी का जीवन सुख, शांति और उत्तम स्वास्थ्य से सदैव आलोकित रहे। हर परिवार में उमंग और आनंद का अखंड दीप प्रज्वलित रहे, यही मंगलकामना है।” पीएम मोदी ने शुभकामना संदेश के साथ भगवान धन्वन्तरि की स्तुति में संस्कृत श्लोक भी साझा किया। श्लोक इस प्रकार है:
“नमामि धन्वन्तरिमादिदेवं सुरासुरैर्वन्दितपादपद्मम्।
लोके जरारुग्भयमृत्युनाशं दातारमीशं विविधौषधीनाम्॥”
इसका भावार्थ है कि भगवान धन्वन्तरि आदिदेव हैं और उनके चरणकमल देवताओं तथा असुरों द्वारा वंदित हैं। वे रोग, भय और मृत्यु से मुक्ति देने वाले तथा विभिन्न औषधियों के प्रदाता माने जाते हैं। धनतेरस को धनत्रयोदशी भी कहा जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दिन भगवान धन्वन्तरि की पूजा करने से अच्छे स्वास्थ्य और निरोगी जीवन की कामना की जाती है। भगवान धन्वन्तरि को आयुर्वेद और चिकित्सा का देवता माना जाता है। प्रधानमंत्री के इस संदेश में त्योहार के साथ स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि और परिवारों में खुशहाली की कामना को प्रमुखता दी गई।
