पंजाब के मोगा में आम आदमी पार्टी (AAP) की महारैली से पहले हादसा हो गया। रैली की तैयारियों के दौरान अचानक कॉफी मशीन फट गई। धमाके के साथ मशीन का एक हिस्सा वहां काम कर रहे व्यक्ति के सिर पर जा लगा, जिससे वह घायल हो गया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, घायल व्यक्ति की हालत गंभीर बताई जा रही है। इस बीच मोगा में होने वाली महारैली को लेकर राजनीतिक गतिविधियां भी तेज हो गई हैं। अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान इस रैली के जरिए 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव अभियान की शुरुआत करेंगे। मोगा में आम आदमी पार्टी की महारैली के लिए तैयारियां चल रही थीं। इसी दौरान अचानक कॉफी मशीन में धमाका हो गया। मशीन का एक टुकड़ा पास में काम कर रहे व्यक्ति के सिर पर जा लगा।हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायल व्यक्ति को गंभीर चोट आने की जानकारी सामने आई है।  मोगा में आयोजित होने वाली इस महारैली को आम आदमी पार्टी ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिहाज से महत्वपूर्ण बताया है। पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान रैली में शामिल होंगे। आम आदमी पार्टी का दावा है कि पंजाब में वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव के दौरान किए गए वादों और पांच बड़ी गारंटियों को सरकार ने पूरा किया है।रैली में सरकार अपनी उपलब्धियों को जनता के सामने रखेगी और इन्हीं के आधार पर आगामी विधानसभा चुनाव के लिए समर्थन मांगेगी।पार्टी शिक्षा, स्वास्थ्य, मोहल्ला क्लीनिक, महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा और 10 लाख रुपये तक के स्वास्थ्य बीमा को अपनी प्रमुख उपलब्धियों के रूप में पेश करेगी। आप पंजाब के मीडिया प्रभारी के मुताबिक, महारैली में अरविंद केजरीवाल, मुख्यमंत्री भगवंत मान, पूरी कैबिनेट और पार्टी की वरिष्ठ लीडरशिप शामिल होगी।उन्होंने इस रैली को पंजाब की राजनीति में नया अध्याय बताते हुए कहा कि इसके साथ ही 2027 के विधानसभा चुनाव अभियान की औपचारिक शुरुआत होगी। मोगा-लुधियाना रोड पर स्थित मटवानी गांव में महारैली के लिए बड़े स्तर पर तैयारियां की गई हैं।  रैली स्थल पर करीब 116 एकड़ में पंडाल तैयार किया गया है।रैली में आने वाले लोगों की सुविधा के लिए दो स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा लंगर, पीने के पानी और शौचालय की सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं।कार्यक्रम को देखते हुए पंजाब पुलिस और सुरक्षा कर्मियों की ओर से भी सुरक्षा व्यवस्था की गई है।