प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार, 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर और संविधान सभा की सभी महान विभूतियों को नमन करते हुए कहा कि संविधान के रूप में देश को मिली सौगात भारतीय लोकतंत्र की अनमोल धरोहर है। यह विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में देश का मार्गदर्शन करती रहेगी। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपने संदेश में लिखा, “सभी देशवासियों को संविधान दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। इस पावन अवसर पर पूज्य बाबासाहेब एवं संविधान सभा की समस्त महान विभूतियों को मेरा नमन और वंदन। संविधान के रूप में उनके द्वारा दी गई सौगात भारतीय लोकतंत्र की अनमोल धरोहर है, जो विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में हमारा मार्गदर्शन करती रहेगी।”  संविधान निर्माताओं के सामूहिक चिंतन और दूरदर्शिता को नमन करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने एक संस्कृत सुभाषितम् भी साझा किया। इसमें कहा गया है कि विद्वानों द्वारा अनेक लोगों के साथ विचार-विमर्श करके अच्छी तरह निर्धारित की गई नीतियां और सिद्धांत आसानी से नष्ट नहीं होते।

सुभाषितम्:

“बहुधा बहुभिः सार्धं चिन्तिताः सुनिरूपिताः।

कथञ्चिन्न विलीयन्ते विद्वद्भिश्चिन्तिता नयाः॥”

इसका भावार्थ है कि अनेक विद्वानों द्वारा मिलकर गहन विचार-विमर्श के बाद तय किए गए सिद्धांत और नीतियां लंबे समय तक टिकाऊ रहती हैं। प्रधानमंत्री ने इस संदेश के जरिए संविधान निर्माण में शामिल सभी महान विभूतियों के सामूहिक योगदान को याद किया।  भारत में हर साल 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाया जाता है। इसी दिन वर्ष 1949 में संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अपनाया था। हालांकि, संविधान 26 जनवरी 1950 से लागू हुआ। इसी तारीख को भारत गणतंत्र बना और हर साल गणतंत्र दिवस मनाया जाता है। m भारत सरकार ने वर्ष 2015 में 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाने का फैसला किया था। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय ने 19 नवंबर 2015 को इस संबंध में अधिसूचना जारी की थी। इसका उद्देश्य देश के नागरिकों, विशेषकर युवाओं और विद्यार्थियों के बीच संविधान के मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। संविधान दिवस के अवसर पर सरकारी संस्थानों, शिक्षण संस्थानों और विभिन्न संगठनों में संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ, जागरूकता कार्यक्रम और अन्य गतिविधियां आयोजित की जाती हैं।  संविधान दिवस केवल संविधान को अपनाने की ऐतिहासिक तारीख याद करने का अवसर नहीं है, बल्कि इसके मूल सिद्धांतों को समझने और जीवन में अपनाने का भी दिन है। न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता जैसे मूल्य भारतीय लोकतंत्र की बुनियाद हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संदेश में संविधान को विकसित भारत के निर्माण का मार्गदर्शक बताते हुए संविधान सभा के सदस्यों और डॉ. बीआर आंबेडकर के योगदान को याद किया।