इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के संस्थापक और पूर्व क्रिकेट प्रशासक ललित मोदी को ब्रिटिश नागरिकता मिल गई है। उन्होंने 14 नवंबर 2026 को ऑक्सफोर्ड यूनियन में संबोधन के दौरान इसकी सार्वजनिक घोषणा की। ललित मोदी ने बताया कि उन्हें 15 सितंबर 2026 को ही ब्रिटिश नागरिकता मिल गई थी। उन्होंने इसे अपने जीवन की बड़ी व्यक्तिगत उपलब्धि बताते हुए कहा कि ब्रिटेन कई वर्षों से उनका घर रहा है। ललित मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर भी इस उपलब्धि की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि परिवार और दोस्तों की मौजूदगी में एक विशेष समारोह के दौरान उन्होंने ब्रिटिश नागरिकता मिलने का जश्न मनाया था। ललित मोदी ने अपनी पोस्ट में लिखा कि ब्रिटिश नागरिक बनना उनके लिए सम्मान के साथ एक बड़ी जिम्मेदारी भी है। वह इसे गर्व, कृतज्ञता और अपनेपन की भावना के साथ स्वीकार करते हैं। उन्होंने ब्रिटेन के लोगों, संस्थाओं, परंपराओं और मूल्यों के प्रति सम्मान जताया। साथ ही कहा कि अलग-अलग संस्कृतियों और अनुभवों से भरी उनकी जिंदगी ने उन्हें बहुत कुछ सिखाया है और अब वह उस देश में सकारात्मक योगदान देना चाहते हैं, जिसे वह अपना घर कहते हैं। उन्होंने इस खास मौके पर अपने परिवार, दोस्तों और ऑक्सफोर्ड यूनियन का भी आभार जताया। ललित मोदी ने अपनी ब्रिटिश नागरिकता की सार्वजनिक घोषणा 14 नवंबर को की। उन्होंने इस दिन को खास बताते हुए कहा कि यह ब्रिटेन के किंग चार्ल्स तृतीय का जन्मदिन भी है। उन्होंने अपनी पोस्ट का समापन ‘गॉड सेव द किंग’ शब्दों के साथ किया। ललित मोदी साल 2010 में IPL से जुड़े वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों और जांच के बीच भारत छोड़कर चले गए थे। इसके बाद से वह ब्रिटेन में रह रहे हैं। IPL के शुरुआती वर्षों में उनकी भूमिका काफी अहम रही थी और उन्हें इस लीग का संस्थापक माना जाता है। उनके कार्यकाल के दौरान IPL के नीलामी और प्रसारण सौदों को लेकर भी विवाद सामने आए थे। इन मामलों में उन पर वित्तीय अनियमितताओं और सौदों में गड़बड़ी के आरोप लगे थे। ललित मोदी के खिलाफ भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए 2013 में प्रतिबंध लगाया था। IPL से जुड़े विवादों के बाद उनका भारतीय क्रिकेट प्रशासन में प्रभाव खत्म हो गया था। ब्रिटिश नागरिकता मिलने के बाद ललित मोदी एक बार फिर चर्चा में हैं। उनकी इस घोषणा ने IPL से जुड़े पुराने विवादों और भारत में उनके खिलाफ चल रही कानूनी प्रक्रियाओं को भी सुर्खियों में ला दिया है।