पश्चिम एशिया में बदलती सुरक्षा स्थिति के बीच इंडिगो और अकासा एयर ने सऊदी अरब के लिए अपनी उड़ानों के निलंबन की अवधि बढ़ा दी है। इंडिगो ने रियाद, जेद्दा, दम्माम और मदीना आने-जाने वाली उड़ानें 24 अक्टूबर 2026 तक रद्द रखने का फैसला किया है। वहीं, अकासा एयर ने रियाद की उड़ानों पर रोक 24 अक्टूबर और जेद्दा की उड़ानों पर रोक 21 अक्टूबर तक बढ़ा दी है। इंडिगो ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जानकारी देते हुए कहा कि सऊदी अरब में बदलती परिस्थितियों का सावधानीपूर्वक आकलन करने के बाद यह फैसला लिया गया है। एयरलाइन के अनुसार, रियाद, जेद्दा, दम्माम और मदीना के लिए आने-जाने वाली उड़ानें 24 अक्टूबर 2026 तक रद्द रहेंगी। अकासा एयर ने पश्चिम एशिया की मौजूदा सुरक्षा स्थिति को देखते हुए रियाद आने-जाने वाली सभी उड़ानों का निलंबन 24 अक्टूबर तक बढ़ा दिया है। वहीं, जेद्दा के लिए उड़ानों का निलंबन 21 अक्टूबर तक जारी रहेगा एयरलाइन ने कहा कि वह क्षेत्र की स्थिति पर लगातार नजर रख रही है और हालात का आकलन कर रही है। इंडिगो के मुताबिक, प्रभावित यात्रियों को बुकिंग के समय दिए गए संपर्क विवरण के माध्यम से उड़ानों में बदलाव की जानकारी भेजी जा रही है। यात्रियों को सलाह है कि एयरपोर्ट जाने से पहले अपनी उड़ान का ताजा स्टेटस एयरलाइन की आधिकारिक वेबसाइट या ऐप पर जरूर जांच लें। इससे पहले इंडिगो, एअर इंडिया एक्सप्रेस, एअर इंडिया और अकासा एयर ने सऊदी अरब के शहरों से जुड़ी उड़ानों को 17 अक्टूबर तक रद्द करने की घोषणा की थी। अब इंडिगो और अकासा एयर ने कुछ मार्गों पर निलंबन की अवधि आगे बढ़ा दी है।