एशियन गेम्स 2026 में भारत को एक और गोल्ड मेडल मिला है। यह मेडल महिला कबड्डी टीम ने दिलाया है। एशियन गेम्स में यह भारत का तीसरा स्वर्ण पदक है। भारत ने ईरान को 37-34 के अंतर से मात दी। भारत ने इस मैच में पहले हाफ में ही 22-16 की बढ़त हासिल कर ली थी। इसके बाद ईरान की टीम ने दूसरे हाफ में वापसी की भरपूर कोशिश की। एक समय स्कोर 27-26 तक पहुंच गया था, लेकिन भारत की बेटियों ने लीड नहीं जाने दी और दमदार वापसी करते हुए देश के लिए स्वर्ण पदक जीत लिया। फाइनल मैच में संजू देवी ने कमाल का प्रदर्शन किया। उन्होंने शानदार रेड कर भारत को जीत दिलाई। भारत को शुरुआत से ही गोल्ड मेडल जीतने का दावेदार माना जा रहा था। टीम इंडिया ने अब तक अजेय रहते हुए सभी मैच जीते थे। इसके बाद टीम की कोच ने कहा था कि कबड्डी हमारा खेल है। यह भारत में ही शुरू हुआ और इसमें हमें कोई नहीं हरा सकता है। अब टीम इंडिया ने गोल्ड जीतकर अपने कोच के दावे को सही साबित किया है। एशियन गेम्स 2026 में भारतीय टीम बिना किसी मैच हारे चैंपियन बनी है। टीम इंडिया ने अपने तीनों ग्रुप मुकाबले जीते फिर सेमीफाइनल और फाइनल में शानदार जीत हासिल कर गोल्ड मेडल अपने नाम किया। भारत ने अपने अभियान की शुरुआत बांग्लादेश पर 42-21 की जीत के साथ की थी, जिसके बाद ईरान को 37-23 से हराया। इसके बाद जापान पर 50-25 से शानदार जीत हासिल की और ग्रुप-ए में टॉप पर रहते हुए सेमीफाइनल में जगह बनाई। सेमीफाइनल में भारत ने नेपाल को 48-24 के अंतर से हराकर फाइनल में जगह बना ली। इसके बाद फाइनल में ईरान को 37-34 के अंतर से हराया। पुष्पा राणा (कप्तान), रितु नेगी, ज्योति ठाकुर, पूजा हथवाला, सोनाली विष्णु शिंगटे, मनीषा कुमारी, पिंकी रॉय, रितु श्योराण, भावना देवी ठाकुर, निकिता, राज रानी और संजू देवी। कबड्डी में भारत का दबदबा जारी है। इस खेल को 1990 में एशियाई खेलों में शामिल किए जाने के बाद से भारतीय पुरुष टीम ने 9 पदक जीते हैं। इनमें 8 स्वर्ण पदक शामिल हैं। 2018 में भारत का स्वर्ण पदक जीतने का सिलसिला टूटा था, जब टीम को कांस्य पदक मिला था।