कोलकाता का युवभारती क्रीड़ांगन मंगलवार को एक ऐतिहासिक फुटबॉल मुकाबले का गवाह बना। लंबे इंतजार के बाद भारत और दो बार के विश्व चैंपियन उरुग्वे की टीमें कोलकाता की धरती पर आमने-सामने आईं। फीफा इंटरनेशनल फ्रेंडली मैच में उरुग्वे ने भारत को 6-1 से करारी शिकस्त दी। शाम साढ़े 7 बजे शुरू हुए मुकाबले में उरुग्वे ने शुरुआत से ही आक्रामक तेवर दिखाए। मैच के 11वें मिनट में उरुग्वे के स्टार खिलाड़ी डार्विन नूनिएज ने गोल कर टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। एक गोल से पिछड़ने के बाद भारतीय टीम ने शानदार वापसी की कोशिश की। मैच के 22वें मिनट में अनिरुद्ध थापा ने भारत के लिए गोल कर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। इसके बाद मुकाबला और भी रोमांचक हो गया। मुकाबले के दौरान मौसम ने भी खेल में खलल डाला। तेज बारिश, बादलों की गड़गड़ाहट और बिजली चमकने के कारण 27वें मिनट में रेफरी को मैच रोकना पड़ा। करीब 35 मिनट बाद दोबारा खेल शुरू हुआ। बारिश के बीच मैच दोबारा शुरू होने के कुछ ही मिनट बाद उरुग्वे ने फिर बढ़त बना ली। मैच के 28वें मिनट में मैक्सिमिलियानो अराउहो ने गोल कर स्कोर 2-1 कर दिया। पहले हाफ के बाकी हिस्से में भारत ने वापसी की कोशिश की, लेकिन उरुग्वे की मजबूत डिफेंस को भेद नहीं सका। पहले हाफ के दौरान भारत के आशिक कुरुनियन के खिलाफ फाउल करने पर उरुग्वे के नाहितान नांदेज को रेफरी ने पीला कार्ड दिखाया। इसके बावजूद उरुग्वे ने लगातार भारतीय गोलपोस्ट पर दबाव बनाए रखा। दूसरे हाफ में उरुग्वे ने मुकाबले पर पूरी तरह नियंत्रण कर लिया। 53वें मिनट में रोड्रिगो अगुएरे ने गोल कर उरुग्वे की बढ़त 3-1 कर दी। इसके बाद भारत के लिए वापसी और मुश्किल होती चली गई। मैच के 59वें मिनट में मैक्सिमिलियानो अराउहो ने अपना दूसरा गोल कर उरुग्वे को 4-1 की मजबूत बढ़त दिला दी। अराउहो ने मुकाबले में दो गोल किए और भारतीय डिफेंस के लिए लगातार परेशानी खड़ी की। मैच के 71वें मिनट में बतौर स्थानापन्न मैदान पर उतरे सनाब्रिया ने उरुग्वे के लिए पांचवां गोल किया। इसके साथ ही दो बार की विश्व चैंपियन टीम ने भारत पर अपनी पकड़ और मजबूत कर ली। मुकाबले के 86वें मिनट में रोड्रिगो अगुएरे ने अपना दूसरा गोल दागा। इसके साथ ही उरुग्वे ने भारत के खिलाफ 6-1 की बड़ी बढ़त हासिल कर ली। अंतिम सीटी बजने तक स्कोर यही रहा। बड़े अंतर से हार के बावजूद भारतीय टीम ने मुकाबले के दौरान कई बार आक्रमण करने की कोशिश की। भारत की ओर से कुछ अच्छे क्रॉस और पास देखने को मिले, लेकिन उन्हें गोल में तब्दील नहीं किया जा सका। कई अहम मौकों पर भारतीय खिलाड़ियों से चूक भी हुई। मुकाबला खत्म होने के बाद दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने एक-दूसरे से हाथ मिलाकर खेल भावना का परिचय दिया। हालांकि बड़ी हार के बाद भारतीय खेमे में निराशा साफ नजर आई। वहीं स्टेडियम में मौजूद भारतीय समर्थकों ने टीम का उत्साह बढ़ाया। भारत-उरुग्वे मुकाबला देखने के लिए युवभारती क्रीड़ांगन में बड़ी संख्या में दर्शक पहुंचे। जानकारी के मुताबिक मैच के दौरान स्टेडियम में कुल 37 हजार 307 दर्शक मौजूद रहे। ब्राजील के बाद भारतीय टीम ने कोलकाता में एक और विश्व चैंपियन टीम के खिलाफ मुकाबला खेला। हालांकि घरेलू मैदान पर भारतीय टीम को 6-1 की बड़ी हार का सामना करना पड़ा। उरुग्वे के खिलाफ यह मुकाबला भारतीय फुटबॉल के लिए एक बड़ा अनुभव जरूर रहा।
