‘वोट चोरी’ और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की कार्यप्रणाली के खिलाफ आज इंडिया गठबंधन से जुड़े विपक्षी दलों ने सुप्रीम कोर्ट तक मार्च करने का ऐलान किया है। इस मार्च का नेतृत्व खुद कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी करेंगे। इस दौरान दिल्ली के 6 मेट्रो स्टेशनों की एंट्री और एग्जिट बंद कर दिए गए हैं। इनमें पटेल चौक, जनपथ, राजीव चौक मेट्रो स्टेशन, मंडी हाउस मेट्रो स्टेशन, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट मेट्रो स्टेशन, बाराखंभा रोड मेट्रो स्टेशन शामिल हैं। राष्ट्रीय राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है, जिसके चलते ये प्रतिबंध लगाए गए हैं। दिल्ली यातायात पुलिस ने भी कई स्थानों पर यातायात बाधित होने और मार्ग परिवर्तन की आशंका जताते हुए एक एडवाइजरी जारी की है। राहुल गांधी ने ऐलान किया है कि वह आज 1.30 बजे विपक्षी नेताओं के साथ इंडिया गेट से मार्च शुरू करेंगे और सुप्रीम कोर्ट तक जाएंगे। इसके बाद वह सीजेआई सूर्यकांत से मिलेंगे। सीजेआई ने एक दिन पहले ही उनसे मिलने से इनकार कर दिया है। इसके बाद भी कांग्रेस ने अपना मन नहीं बदला है और वे सीजेआई से मिलने और ज्ञापन सौंपने पर अड़े हुए हैं। आपको बता दें कि एक दिन पहले ही सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के दौरान कोर्ट ने कहा था कि दिल्ली में जगह-जगह पर लगी बैरिकेडिंग हटाई जाए और आवाजाही को सुगम किया जाए। इसके अलावा सुप्रीम कोर्ट ने इंटरनेट को बहाल करने और मेट्रो की सेवाओं को सामान्य करने की भी बात कही थी। इसके बाद भी आज 6 मेट्रो स्टेशन बंद रखने का फैसला किया गया है। विपक्ष के सुप्रीम कोर्ट तक होने वाले इस मार्च में भारी भीड़ जुटने की संभावना है। बताया जा रहा है कि इस मार्च में समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव भी शामिल होने आ रहे हैं। इसके अलावा टीएमसी की मुखिया ममता बनर्जी समेत सैकड़ों टीएमसी नेता इस प्रदर्शन में भाग लेंगे। इंडिया गठबंधन के प्लान के मुताबिक सभी विपक्षी नेता और कार्यकर्ता इंडिया गेट पर जुटेंगे। वहां से फिर सुप्रीम कोर्ट की तरफ मार्च करेंगे। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने बड़ी संख्या में देश के लोगों और युवाओं से इस प्रोटेस्ट में भाग लेने की अपील की है। उन्होंने कहा है कि यह किसी राजनीतिक दल का कार्यक्रम नहीं है। राहुल ने कहा कि देश के युवा, तमाम विपक्षी दल, सिविल सोसाइटी और लोकतंत्र में विश्वास रखने वाले सभी लोग इस मार्च में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि संविधान के साथ खड़े सभी लोग इस पहल का हिस्सा बनेंगे। राहुल गांधी ने कहा कि हम देश की ओर से मुख्य न्यायाधीश को एक ज्ञापन सौंपेंगे। हमारी माँग है – वोट चोरी बंद हो, SIR पर रोक लगे और ज्ञानेश कुमार इस्तीफ़ा दें। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी, अमित शाह, अजित डोभाल और मोहन भागवत भारत की आवाज़ को दबा नहीं सकते। ये कायर हमें डरा नहीं सकते। इन्हें पीछे हटना ही होगा। हम सब साथ चलेंगे – मोहब्बत, भाईचारे और देशभक्ति के साथ। डरो मत। विपक्षी दलों के मार्च को देखते हुए आज सुबह 6 बजे से लेकर शाम के 4 बजे तक पटेल चौक, जनपथ, राजीव चौक मेट्रो स्टेशन, मंडी हाउस मेट्रो स्टेशन, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट मेट्रो स्टेशन, बाराखंभा रोड मेट्रो स्टेशनों को बंद कर दिया गया है।