देश में आने वाले महीनों में आम लोगों को महंगाई का झटका लग सकता है। पेट्रोल-डीजल से लेकर खाने-पीने की चीजों और रोजमर्रा के इस्तेमाल वाले सामान की कीमतों में बढ़ोतरी की आशंका जताई गई है। केंद्र सरकार की ताजा मासिक आर्थिक रिपोर्ट में महंगाई बढ़ने के पीछे तीन प्रमुख वजह बताई गई हैं। इनमें मौसम में बदलाव, खाद्य पदार्थों की सप्लाई में अनिश्चितता और शादी-ब्याह के सीजन में बढ़ने वाली मांग शामिल है। इसके अलावा मिडिल ईस्ट में जारी तनाव भी भारत के लिए महंगाई का दबाव बढ़ा सकता है। केंद्र सरकार की ओर से जारी मासिक आर्थिक रिपोर्ट के मुताबिक, नवंबर के बाद आने वाले महीनों में महंगाई का दबाव बढ़ने की आशंका है। रिपोर्ट में बताया गया है कि अक्टूबर में खुदरा महंगाई दर में बढ़ोतरी दर्ज की गई और यह भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की 6 फीसदी की ऊपरी सीमा को पार कर गई। ऐसे में अगर आने वाले समय में कीमतों में तेजी आती है, तो इसका सीधा असर आम लोगों की जेब और घरेलू बजट पर पड़ सकता है। हालांकि, अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में नरमी और रुपये की मजबूती से महंगाई को नियंत्रित रखने में कुछ मदद मिल सकती है।  महंगाई बढ़ने की पहली बड़ी वजह मौसम में होने वाले बदलाव को बताया गया है। मौसम में अनिश्चितता का असर कृषि उत्पादन और खाद्य पदार्थों की सप्लाई पर पड़ सकता है। यदि मौसम की वजह से फसलों का उत्पादन प्रभावित होता है या मंडियों तक खाद्य पदार्थों की पहुंच में बाधा आती है, तो बाजार में इनकी उपलब्धता कम हो सकती है। मांग के मुकाबले सप्लाई घटने पर सब्जियों, अनाज और दूसरी खाद्य वस्तुओं की कीमतों में तेजी आने की आशंका है। महंगाई बढ़ने की दूसरी वजह शादी-ब्याह का सीजन है। इस बार त्योहारों का माहौल नवंबर तक बना रहा और इसके साथ ही शादियों का सीजन भी शुरू हो गया है। इस दौरान बाजार में खाने-पीने की चीजों के अलावा कपड़े, घरेलू सामान और अन्य जरूरी वस्तुओं की मांग बढ़ जाती है। मांग में तेजी आने से कई उत्पादों की कीमतों पर दबाव बन सकता है। खासतौर पर खाद्य पदार्थों की कीमतों में बढ़ोतरी आम लोगों के बजट को प्रभावित कर सकती है। महंगाई बढ़ने की तीसरी बड़ी वजह अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों को माना गया है। मिडिल ईस्ट में जारी संघर्ष के कारण कच्चे तेल की कीमतों और समुद्री रास्तों से होने वाली माल ढुलाई के खर्च में उतार-चढ़ाव बना हुआ है। भारत अपनी जरूरत का बड़ा हिस्सा कच्चे तेल के आयात से पूरा करता है। ऐसे में अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें बढ़ने पर पेट्रोल-डीजल महंगे होने का दबाव बन सकता है। इसके अलावा ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी का असर माल ढुलाई और उत्पादन लागत पर भी पड़ता है। इससे बाजार में पहुंचने वाले रोजमर्रा के सामान की कीमतें भी बढ़ सकती हैं।