वैशाली जिले के राघोपुर में मंगलवार देर शाम गंगा नदी में नाव पलटने से बड़ा हादसा हो गया। इस दुर्घटना में13 लोगों की डूबने से मौत होने की जानकारी सामने आई है। मृतकों में ज्यादातर बच्चे और लड़कियां शामिल बताए जा रहे हैं। हादसे के समय नाव में 15 से 25 लोगों के सवार होने की अलग-अलग जानकारी सामने आई है। नाव पर सवार लोग एक मृत्यु भोज में शामिल होने जा रहे थे।घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।  हादसे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताया है। वहीं, केंद्र और बिहार सरकार ने मृतकों के परिजनों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा की है। जानकारी के मुताबिक, हादसा मंगलवार रात करीब 8:30 बजे वैशाली जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र में हुआ। यह स्थान जिला मुख्यालय से लगभग 70 किलोमीटर दूर बताया गया है। छोटी नाव पर सवार लोग गंगा नदी पार कर मृत्यु भोज में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान नाव पलट गई और उसमें सवार लोग नदी में डूबने लगे।वैशाली की जिलाधिकारी के अनुसार, शुरुआती जानकारी में नाव पर 15 से 20 लोगों के सवार होने की बात सामने आई थी। हालांकि, कुछ अन्य जानकारियों में यह संख्या 20 से 25 बताई गई है। नाव में सवार लोगों की वास्तविक संख्या का पता लगाने और लापता लोगों की तलाश के लिए बचाव अभियान चलाया गया। इस हादसे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने दुर्घटना में जान गंवाने वाले बच्चों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और इस मुश्किल समय में उन्हें हिम्मत मिलने की कामना की। राष्ट्रपति ने कहा कि वैशाली में हुई नाव दुर्घटना में बच्चों की मौत की खबर बेहद दुखद है। उन्होंने शोक में डूबे परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। साथ ही, हादसे में घायल हुए लोगों के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने घटना पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों और घायलों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा की है। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) के मुताबिक, हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से दो लाख रुपये दिए जाएंगे। वहीं, घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता मिलेगी। पीएमओ ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर पोस्ट कर वैशाली में नाव पलटने की घटना को बेहद दुखद बताया। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। प्रधानमंत्री ने कहा कि स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों की हरसंभव मदद कर रहा है। पीएमओ की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, मृतकों के परिजनों और घायलों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से आर्थिक सहायता दी जाएगी। हादसे के बाद बिहार सरकार ने भी मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने प्रशासन को राहत और बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने को कहा है। इस तरह केंद्र और राज्य सरकार की घोषित सहायता के अनुसार, प्रत्येक मृतक के परिवार को कुल छह लाख रुपये की आर्थिक मदद मिल सकती है।