एशिया के कई देशों में भूकंप के झटकों से लोगों में दहशत फैल गई। शुक्रवार सुबह पाकिस्तान, अफगानिस्तान और चीन में भूकंप दर्ज किए गए। इससे पहले गुरुवार देर रात तिब्बत में 7 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप ने भारी तबाही मचाई। इस आपदा में कम से कम 18 लोगों की मौत हो गई, जबकि 54 लोग घायल हुए हैं। कई मकान ढह गए और प्रभावित इलाकों में राहत एवं बचाव अभियान जारी है। तिब्बत में गुरुवार देर रात आए शक्तिशाली भूकंप के कारण बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ है। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, इस आपदा में कम से कम 18 व्यक्तियों की मौत हुई और 54 लोग घायल हुए हैं।भूकंप के झटकों से सैकड़ों मकानों को नुकसान पहुंचा। चीन के अधिकारियों ने प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव दल तैनात किए हैं। मलबे में दबे लोगों की तलाश और प्रभावित परिवारों तक सहायता पहुंचाने का काम जारी है। कुछ इलाकों में सड़क और रेल यातायात प्रभावित होने की जानकारी सामने आई है। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) के अनुसार, शुक्रवार सुबह तीन देशों में भूकंप के झटके दर्ज किए गए। इनकी तीव्रता 4 से 5 के बीच रही।
पाकिस्तान: भारतीय समयानुसार सुबह 4:56 बजे 4.9 तीव्रता का भूकंप आया।
अफगानिस्तान: सुबह 5:54 बजे 4.1 तीव्रता के झटके दर्ज किए गए।
चीन: सुबह 6:05 बजे 4.4 तीव्रता का भूकंप आया। तिब्बत के नागचू क्षेत्र में भूकंप से कई इमारतें क्षतिग्रस्त हुई हैं। स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, कम से कम 339 मकान और पशुओं के 20 बाड़े ढह गए या क्षतिग्रस्त हुए हैं। भूकंप प्रभावित क्षेत्रों में बचाव दल लोगों की मदद करने और क्षतिग्रस्त इमारतों का आंकलन करने में जुटे हैं। स्थानीय प्रशासन ने प्रभावित लोगों के लिए अस्थायी आवास, टेंट, बिस्तर और गर्म कपड़ों जैसी जरूरी सामग्री पहुंचाई है।
