एक्टर आशीष विद्यार्थी और उनकी पत्नी रूपाली गुवाहाटी में रोड एक्सीडेंट में घायल हो गए। एक्टर ने अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया जिसमें बताया कि एक्सीडेंट के बावजूद वे ठीक हैं। लाइव वीडियो शेयर करते हुए आशीष ने कहा, “मैं एक अजीब समय पर लाइव हो रहा हूं, बस आप सभी को बताने के लिए। क्योंकि मैं अभी देख रहा हूं कि कई न्यूज़ चैनल पर क्या आ रहा है। कल, मैं और रूपाली सड़क पार कर रहे थे और एक बाइक ने हमें टक्कर मार दी। हम दोनों ठीक हैं। रूपाली ऑब्ज़र्वेशन में हैं। सब ठीक है, मैं ठीक हूं। मामूली चोटें आईं हैं… लेकिन बिल्कुल ठीक हूं।” उन्होंने अपने फैंस को यह दिखाने के लिए लाइव के दौरान वॉक किया कि वह ठीक हैं और कहा कि वह ठीक महसूस कर रहे हैं। उन्होंने आगे कहा, “बस आपको बताना चाहता हूं, हां, एक एक्सीडेंट हुआ था। लेकिन हम ठीक हैं और इसमें सनसनी फैलाने जैसी कोई बात नहीं है। मैंने पुलिस से पूछा और पता चला कि बाइक ड्राइवर को भी होश आ गया है। सब ठीक रहें, सब हेल्दी रहें। मैं आपको भी यह बताना चाहता था। हम अपना बहुत अच्छे से ख्याल रख रहे हैं।” कैप्शन में उन्होंने लिखा, “मैं और रूपाली ठीक हैं… हम ऑब्ज़र्वेशन में हैं… लेकिन ठीक हैं… आपके प्यार के लिए धन्यवाद।”
