एयर इंडिया की फ्लाइट को मैकेनिकल खराबी की वजह से रनवे पर वापस लौटना पड़ा। एयर इंडिया की बोइंग-777 फ्लाइट ने सोमवार सुबह 6:30 बजे दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ान भरी थी। फ्लाइट में 335 यात्री सवार थे। बताया जा रहा है कि टेकऑफ के तुरंत बाद प्लेन के दाहिने इंजन में मैकेनिकल खराबी आ गई। खतरे की आशंका को देखते हुए पायलट प्लेन को सुरक्षित रनवे पर वापस ले आया। नागरिक उड्डयन मंत्रालय के मुताबिक, एयर इंडिया की फ्लाइट AIC887 सोमवार सुबह 6:30 बजे दिल्ली एयरपोर्ट से मुंबई के लिए रवाना हुई थी। टेकऑफ के तुरंत बाद पायलट ने देखा कि प्लेन के दाहिने इंजन में तेल का लेवल ज़ीरो पर पहुंच गया है। पायलट ने तुरंत प्लेन के उस इंजन को बंद किया और दूसरे इंजन की मदद से प्लेन को वापस रनवे पर ले आया। दिल्ली एयरपोर्ट के एक प्रवक्ता ने बताया कि सोमवार सुबह 6:40 से 6:54 बजे के बीच दिल्ली एयरपोर्ट पर इमरजेंसी घोषित कर दी गई थी। जब प्लेन लैंड हुआ तो यात्रियों को प्लेन से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। उन्होंने बताया कि यात्रियों की सुविधा के लिए एंबुलेंस, मेडिकल टीम और फायर ब्रिगेड के सदस्य मौजूद थे। एयर इंडिया ने एक बयान जारी कर कहा कि डायरेक्टरेट जनरल ऑफ़ सिविल एविएशन (DGCA) और डायरेक्टर ऑफ़ एयर सेफ्टी की देखरेख में जांच की जा रही है। एयरक्राफ्ट में किसी भी मैकेनिकल खराबी की जांच की जा रही है। इसके अलावा, यात्रियों की सुविधा के लिए दूसरी फ्लाइट्स का भी इंतज़ाम किया गया है।
एयर इंडिया की फ्लाइट की दिल्ली एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग