दिल्ली-आगरा यमुना एक्सप्रेसवे पर आग लग गई। मंगलवार को सुबह 7 बजे उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के बलदेव थाना इलाके में माइलस्टोन नंबर 127 के पास सात बसों और तीन चार पहिया वाहनों में टक्कर हो गई। जिससे गाड़ियों में तुरंत आग लग गई। तेरह लोग जिंदा जल गए। कम से कम 35 लोग घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आग लगते ही बसों में तेज आवाज हुई। यात्री चीखने-चिल्लाने लगे। लोग अपनी जान बचाने के लिए बस की खिड़कियों से बाहर कूद गए। स्थानीय लोगों ने सबसे पहले पुलिस को सूचना दी। हादसे की खबर मिलने के बाद जिला प्रशासन, फायर ब्रिगेड और पुलिस के बड़े अधिकारी मौके पर पहुंचे। भयानक हादसे की वजह से एक्सप्रेसवे पर ट्रैफिक रोक दिया गया। इलाके में बैरिकेडिंग कर दी गई। 20 एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने बताया कि घने कोहरे की वजह से कई गाड़ियों के टकराने के बाद से ही हालात बिगड़ गए।
घने कोहरे के कारण भयानक सड़क हादसा, 10 गाड़ियां आपस में टकराईं! 13 की मौत, 35 घायल