संसद में परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक को दोबारा पेश किए जाने की संभावनाओं के बीच कांग्रेस ने विपक्षी दलों को एकजुट करने की तैयारी शुरू कर दी है। मल्लिकार्जुन खड़गे ने आज 28 नवंबर को विपक्षी दलों के नेताओं की महत्वपूर्ण बैठक बुलाई है। बैठक में सरकार के संभावित कदम को लेकर साझा रणनीति तैयार की जाएगी। इसमें INDIA गठबंधन के घटक दलों के अलावा डीएमके, आम आदमी पार्टी (AAP) और बीजू जनता दल (BJD) जैसे अन्य विपक्षी दलों को भी आमंत्रित किया गया है। मल्लिकार्जुन खड़गे की अध्यक्षता में यह बैठक शनिवार सुबह 11:30 बजे नई दिल्ली स्थित उनके आवास 10, राजाजी मार्ग पर आयोजित होगी।बैठक में INDIA गठबंधन के सभी घटक दलों के संसदीय फ्लोर लीडर्स शामिल होंगे। इसके अलावा गठबंधन से बाहर के विपक्षी दलों को भी आमंत्रित किया गया है।डीएमके, आम आदमी पार्टी और बीजू जनता दल सहित अन्य दलों को न्योता भेजा गया है। बैठक का मुख्य उद्देश्य परिसीमन से जुड़े प्रस्तावित विधेयक पर विपक्ष की राय और आगे की रणनीति तय करना है।  तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री और डीएमके अध्यक्ष एमके स्टालिन ने परिसीमन को लेकर अपनी पार्टी का रुख स्पष्ट किया है।स्टालिन ने कहा है कि लोकसभा में तमिलनाडु का मौजूदा प्रतिनिधित्व कम नहीं होना चाहिए। उन्होंने राज्य की वर्तमान 7.18 प्रतिशत सीट हिस्सेदारी को बरकरार रखने की मांग की है। साथ ही 1971 की जनगणना के आधार पर निर्धारित राज्यों के बीच संसदीय प्रतिनिधित्व के अनुपात को अगले 25 वर्षों तक बनाए रखने की बात कही है।डीएमके के इस रुख के बावजूद कांग्रेस ने पार्टी को विपक्षी बैठक में आमंत्रित किया है।  परिसीमन विधेयक को लेकर विपक्षी दलों के बीच अलग-अलग रुख भी सामने आ रहे हैं।एनसीपी-शरदचंद्र पवार के वरिष्ठ नेता जितेंद्र आव्हाड ने शरद पवार से मुलाकात के बाद परिसीमन का समर्थन करने की बात कही है। हालांकि पार्टी का समर्थन सभी राज्यों में लोकसभा सीटों में समान रूप से 50 प्रतिशत वृद्धि की शर्त से जुड़ा है।ऐसे में विपक्षी बैठक में अलग-अलग दलों के रुख और उनकी मांगों पर चर्चा होने की संभावना है।  केंद्र सरकार ने संसद की विशेष बैठक 30 नवंबर से बुलाने की तैयारी की है। इस दौरान महिला आरक्षण कानून को जल्द लागू करने से जुड़े प्रस्ताव और परिसीमन से संबंधित संविधान संशोधन विधेयक पर चर्चा होने की संभावना है।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार:

– 30 नवंबर: लोकसभा की बैठक दोबारा शुरू होगी।

– 2 दिसंबर: राज्यसभा की बैठक होगी।

– 3 दिसंबर: दोनों सदनों की बैठकें समाप्त होने की संभावना है।

सरकार ने इस बैठक को आवश्यक सरकारी कामकाज के लिए बुलाया है। वहीं, परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े विधेयक को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हैं। महिला आरक्षण को जल्द लागू करने और लोकसभा सीटों के परिसीमन को लेकर केंद्र सरकार के संभावित विधायी कदम ने राजनीतिक गतिविधियां तेज कर दी हैं।कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल इस मुद्दे पर अपनी रणनीति तैयार कर रहे हैं। वहीं, अलग-अलग विपक्षी दलों की मांगों और रुख के बीच आज होने वाली खड़गे की बैठक महत्वपूर्ण मानी जा रही है।अब सभी की नजर इस बैठक पर है कि विपक्षी दल परिसीमन विधेयक को लेकर किस तरह की साझा रणनीति पर सहमत होते हैं और संसद के विशेष सत्र में उनका रुख क्या रहता है।