संसद के आगामी सत्र को लेकर केंद्र सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को कैबिनेट बैठक में सभी मंत्रियों को 15 दिसंबर से पहले संसद सत्र की तैयारियां पूरी करने और इस दौरान विदेश यात्रा से बचने की सलाह दी है। प्रधानमंत्री ने मंत्रियों से अपने-अपने मंत्रालयों को संसदीय कार्यवाही के लिए तैयार रखने को कहा है। इस निर्देश के बाद संकेत मिल रहे हैं कि संसद का अगला सत्र 15 दिसंबर से पहले बुलाया जा सकता है। आगामी सत्र में परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक को लेकर सरकार आगे बढ़ सकती है।  समाचार एजेंसी PTI के मुताबिक, बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में संसद के आगामी सत्र को लेकर चर्चा हुई।प्रधानमंत्री ने मंत्रियों को निर्देश दिया कि वे अपने मंत्रालयों से जुड़ी तैयारियां समय पर पूरी करें और 15 दिसंबर तक विदेश यात्रा की योजना न बनाएं। सरकार चाहती है कि संसद का सत्र कभी भी बुलाए जाने की स्थिति में सभी मंत्री उपलब्ध रहें।फिलहाल संसद के अगले सत्र की आधिकारिक तारीख घोषित नहीं हुई है। संसदीय कार्य संबंधी कैबिनेट समिति सत्र शुरू होने की तारीख और उसकी अवधि तय करेगी। आगामी संसद सत्र में सबसे ज्यादा चर्चा संविधान (131वां संशोधन) विधेयक, 2026 को लेकर हो सकती है। यह विधेयक लोकसभा और विधानसभा क्षेत्रों के परिसीमन तथा महिला आरक्षण कानून को लागू करने से जुड़ा है।सरकार की कोशिश है कि महिला आरक्षण को 2029 के लोकसभा चुनाव से लागू करने की दिशा में आगे बढ़ा जाए। इसके लिए परिसीमन से जुड़ी प्रक्रिया महत्वपूर्ण मानी जा रही है।इससे पहले 17 अप्रैल को संसद के विशेष सत्र में यह विधेयक जरूरी समर्थन नहीं मिलने के कारण पारित नहीं हो पाया था। अब आगामी सत्र में इसे दोबारा आगे बढ़ाने की संभावना जताई जा रही है। संविधान संशोधन विधेयक पारित कराने के लिए लोकसभा में विशेष बहुमत की आवश्यकता होती है। इसके लिए सदन की कुल सदस्य संख्या के बहुमत के साथ उपस्थित और मतदान करने वाले सदस्यों के कम से कम दो-तिहाई समर्थन की जरूरत होती है।यदि सभी 540 सदस्य मतदान करते हैं तो विधेयक के लिए 361 वोट का आंकड़ा महत्वपूर्ण होगा। सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के पास करीब 320 सांसद बताए जा रहे हैं। ऐसे में सरकार को विधेयक पारित कराने के लिए अतिरिक्त समर्थन जुटाना होगा। आगामी संसद सत्र में विपक्ष कई अन्य मुद्दों को भी उठा सकता है। इनमें मतदाता सूचियों का विशेष गहन पुनरीक्षण यानी स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) प्रमुख है।इसके अलावा विपक्ष मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग भी उठा सकता है।विपक्ष इन मुद्दों पर सरकार को घेरने की तैयारी में है। ऐसे में आगामी संसद सत्र में परिसीमन और महिला आरक्षण विधेयक के साथ चुनाव प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा और हंगामे की संभावना है।