दुनियाभर की खूबसूरत और प्रतिभाशाली महिलाओं के बीच हुई कड़ी प्रतिस्पर्धा के बाद आखिरकार मिस यूनिवर्स 2026 को अपनी नई विजेता मिल गई है। प्यूर्टो रिको की जेनिफर बैरेटो ने 75वें मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम कर इतिहास रच दिया है। इस बार की प्रतियोगिता कई मायनों में खास रही, क्योंकि जेनिफर शादीशुदा होने के साथ-साथ एक बेटी की मां भी हैं। वह मिस यूनिवर्स का ताज जीतने वाली पहली विवाहित महिला और मां बन गई हैं। 25 नवंबर की सुबह भारतीय समयानुसार संपन्न हुए इस भव्य समारोह का आयोजन प्यूर्टो रिको की राजधानी सैन जुआन में किया गया था। अपने ही देश में आयोजित प्रतियोगिता में जीत हासिल कर जेनिफर ने प्यूर्टो रिको को छठी बार मिस यूनिवर्स का खिताब दिलाया है। मिस यूनिवर्स के 75वें संस्करण में दुनियाभर के 116 देशों और क्षेत्रों की प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। इनमें से 115 प्रतियोगियों को पीछे छोड़ते हुए जेनिफर बैरेटो ने विजेता बनने का गौरव हासिल किया। प्रतियोगिता के अंतिम पांच स्थानों में डोमिनिकन रिपब्लिक की मेलिसा नुनेज, वेनेजुएला की क्लारा वेगास गोएट्ज, फिलीपींस की बी मिलान-विंडोर्स्की और न्यूजीलैंड की जॉर्जिया वाडिंगटन भी शामिल थीं। फाइनल में डोमिनिकन रिपब्लिक की मेलिसा नुनेज फर्स्ट रनर-अप रहीं, जबकि वेनेजुएला की क्लारा वेगास गोएट्ज ने सेकेंड रनर-अप का स्थान हासिल किया। फिलीपींस की बी मिलान-विंडोर्स्की थर्ड रनर-अप और न्यूजीलैंड की जॉर्जिया वाडिंगटन फोर्थ रनर-अप बनीं। इस जीत के साथ प्यूर्टो रिको ने मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता में अपना छठा ताज हासिल किया है। इससे पहले देश की पांच सुंदरियां यह उपलब्धि हासिल कर चुकी हैं। जेनिफर बैरेटो का जन्म 17 दिसंबर 1998 को प्यूर्टो रिको के मायागुएज में हुआ था। उनका पालन-पोषण इसाबेला में हुआ। शुरुआती पढ़ाई के दौरान उन्होंने सैन सेबेस्टियन और अगुआडिला जैसे पड़ोसी इलाकों में भी शिक्षा हासिल की। पढ़ाई के साथ-साथ उन्हें खेलों में भी दिलचस्पी थी और वह स्कूल के दिनों में वॉलीबॉल खेला करती थीं। हालांकि जेनिफर की पहचान सिर्फ एक मॉडल या ब्यूटी क्वीन के तौर पर नहीं है। उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उनके पास रिसर्च साइकोलॉजी में स्नातक की डिग्री है। इसके अलावा उन्होंने साइकोलॉजी और क्लिनिकल सोशल वर्क में दो मास्टर डिग्रियां भी हासिल की हैं। मनोविज्ञान और सामाजिक कार्यों में उनकी विशेषज्ञता ने उन्हें समाज के कमजोर और जरूरतमंद लोगों के लिए काम करने की प्रेरणा दी। ब्यूटी पेजेंट की दुनिया में कदम रखने से पहले जेनिफर सामाजिक सेवा और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े कामों में सक्रिय थीं। उन्होंने साल 2021 में टेक्सास के फोर्ट हूड में अमेरिकी रक्षा विभाग के साथ अपने पेशेवर करियर की शुरुआत की थी। यहां उन्होंने फैमिली एडवोकेसी प्रोग्राम के तहत ऐसे सैन्य परिवारों की सहायता की, जो घरेलू हिंसा और बच्चों के साथ दुर्व्यवहार जैसी गंभीर समस्याओं से जूझ रहे थे। इस दौरान उनकी जिम्मेदारियों में संकट की स्थिति में परिवारों को सहायता देना, जागरूकता बढ़ाना और सैन्य अधिकारियों को हिंसा रोकने के उपायों से संबंधित प्रशिक्षण देना शामिल था। इसके बाद उन्होंने प्रिवेंशन स्पेशलिस्ट के रूप में भी काम किया। इस भूमिका में वह समुदाय की जरूरतों का आकलन करने और लोगों की सुरक्षा व बेहतर जीवन के लिए योजनाएं तैयार करने से जुड़ी रहीं। जेनिफर ने कार्ल आर डार्नल आर्मी मेडिकल सेंटर में स्वयंसेवक के रूप में भी योगदान दिया है। इसके अलावा वह प्यूर्टो रिको की पीडियाट्रिक डायबिटीज एसोसिएशन के साथ भी काम कर चुकी हैं। उनका यह सफर दिखाता है कि सौंदर्य प्रतियोगिता से इतर भी वह समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए लगातार प्रयास करती रही हैं। जेनिफर की निजी जिंदगी भी उनकी इस ऐतिहासिक जीत को खास बनाती है। उनकी शादी यान कार्लोस बैरेटो काल्डेरोन से हुई है, जो अमेरिकी सेना में सार्जेंट के पद पर कार्यरत हैं। दोनों की एक बेटी है, जिसका नाम पेनेलोप है। उनकी बेटी का जन्म साल 2019 में हुआ था। इस तरह जेनिफर एक पत्नी और मां की जिम्मेदारियां निभाने के साथ-साथ अपने करियर में भी लगातार आगे बढ़ती रही हैं। मिस यूनिवर्स का ताज जीतकर उन्होंने उन महिलाओं के लिए भी एक मिसाल पेश की है, जो शादी और मातृत्व के बाद अपने सपनों को पूरा करने की कोशिश करती हैं। उनकी जीत इस बात का संदेश देती है कि किसी महिला की पहचान या उसकी महत्वाकांक्षाएं सिर्फ उसकी वैवाहिक स्थिति और पारिवारिक जिम्मेदारियों से तय नहीं होतीं। दिलचस्प बात यह है कि जेनिफर ने मॉडलिंग और ब्यूटी पेजेंट की दुनिया में बहुत पहले कदम नहीं रखा था। साल 2025 की गर्मियों में उन्होंने पहली बार इस क्षेत्र में अपना करियर बनाने के बारे में सोचा। इससे पहले उन्हें मॉडलिंग या अंतरराष्ट्रीय सौंदर्य प्रतियोगिताओं का कोई खास अनुभव नहीं था। उन्होंने मिस यूनिवर्स प्यूर्टो रिको प्रतियोगिता की तैयारी शुरू की और 2026 में सैन सेबेस्टियन का प्रतिनिधित्व किया। राष्ट्रीय स्तर पर जीत हासिल करने के बाद उन्हें अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपने देश का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिला। इसके बाद उन्होंने मिस यूनिवर्स 2026 का खिताब जीतकर अपनी पहचान दुनियाभर में बना ली। वहीं, इस प्रतियोगिता में भारत की ओर से काजिया लिज मेजो ने हिस्सा लिया था। उनसे देश को काफी उम्मीदें थीं, लेकिन वह टॉप 12 में जगह बनाने में नाकाम रहीं। इस तरह उनका मिस यूनिवर्स 2026 का सफर अंतिम 12 प्रतियोगियों के चयन से पहले ही समाप्त हो गया। भारत की ओर से इस बार ताज जीतने का सपना अधूरा रह गया, जबकि प्यूर्टो रिको में जेनिफर बैरेटो की ऐतिहासिक जीत का जश्न मनाया जा रहा है। बता दें, बीते साल मैक्सिक्न ब्यूटी के सिर मिस यूनिवर्स का ताज सजा था।
