पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में पुलिस प्रशासन को लेकर बड़ा बदलाव किया गया है। कोलकाता पुलिस आयुक्त की ओर से 20 नवंबर 2026 को जारी आदेश संख्या-694 के तहत इंस्पेक्टर कैडर के 19 पुलिस अधिकारियों का तत्काल प्रभाव से तबादला कर दिया गया है। इस प्रशासनिक फेरबदल में शहर के कई महत्वपूर्ण थानों के प्रभारी अधिकारियों (OC) की जिम्मेदारियां बदली गई हैं। बालीगंज, आनंदपुर, तंगरा, तारातला, तपसिया और बड़ाबाजार जैसे प्रमुख थाने भी इस बदलाव के दायरे में आए हैं। पुलिस प्रशासन की ओर से जारी आदेश में अधिकारियों को अलग-अलग डिवीजन, थानों और विशेष इकाइयों में नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इस फेरबदल के तहत कुछ अधिकारियों को थानों का नया प्रभारी बनाया गया है, जबकि कई अधिकारियों को डिटेक्टिव डिपार्टमेंट (DD), स्पेशल टास्क फोर्स (STF), स्पेशल ब्रांच (SB) और अन्य इकाइयों में भेजा गया है। तबादला सूची के अनुसार, दक्षिण-पूर्व डिवीजन के बालीगंज थाने के प्रभारी शुभब्रत कर को हटाकर ईस्ट डिवीजन में भेजा गया है। उन्हें आनंदपुर थाने का नया प्रभारी बनाया गया है। वहीं, वाटगंज थाने के प्रभारी सिद्धार्थ चटर्जी को बालीगंज थाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा स्पेशल टास्क फोर्स (STF) से बोधिसत्व प्रमाणिक को ईस्ट सबअर्बन डिवीजन के तंगरा थाने का नया प्रभारी नियुक्त किया गया है। तंगरा के मौजूदा प्रभारी बिपुल बिस्वास को दक्षिण-पश्चिम डिवीजन के तारातला थाने में भेजा गया है। तबादला आदेश के तहत ट्रैफिक पुलिस से दिलीप सरकार को तपसिया थाने का नया प्रभारी बनाया गया है। वहीं, तपसिया के मौजूदा प्रभारी प्रोकीतेश घोष को हरिदेवपुर थाने की जिम्मेदारी दी गई है। बड़ाबाजार थाने में अतिरिक्त प्रभारी के रूप में कार्यरत पल्लब बिस्वास को वाटगंज थाने का नया प्रभारी नियुक्त किया गया है। इसी तरह स्पेशल ब्रांच से विश्वजीत देबनाथ को पोर्ट डिवीजन के नादियाल थाने का प्रभारी बनाया गया है। नादियाल के मौजूदा प्रभारी अरिंदम पांडा को नॉर्थ पोर्ट थाने में भेजा गया है।वहीं, नॉर्थ पोर्ट थाने के प्रभारी आशीष बसु को नॉर्थ डिवीजन के काशीपुर थाने का नया प्रभारी नियुक्त किया गया है। इस प्रशासनिक फेरबदल में थानों के अलावा पुलिस की महत्वपूर्ण इकाइयों में भी अधिकारियों की तैनाती बदली गई है। हरिदेवपुर थाने के प्रभारी फैयाज अहमद को पोर्ट डिवीजन में O/C SSPD की जिम्मेदारी दी गई है। आनंदपुर थाने के प्रभारी स्नेहाशीष करन को डिटेक्टिव डिपार्टमेंट में भेजा गया है। तारातला थाने के प्रभारी सिलाश टोप्पो को स्पेशल टास्क फोर्स (STF) में स्थानांतरित किया गया है। वहीं, काशीपुर थाने के प्रभारी बिमल बिस्वास को डिटेक्टिव डिपार्टमेंट में पदस्थापित किया गया है। डिटेक्टिव डिपार्टमेंट से नजमुल हसन को रिजर्व फोर्स में भेजते हुए KMC कोर्ट में CI की जिम्मेदारी सौंपी गई है। अतिरिक्त प्रभारी अधिकारियों की सूची में भी बदलाव किया गया है। साउथ डिवीजन के हेस्टिंग्स थाने में अतिरिक्त प्रभारी जगेश्वर मुर्मू को सेंट्रल डिवीजन के बड़ाबाजार थाने में अतिरिक्त प्रभारी बनाया गया है। ठाकुरपुकुर थाने के अतिरिक्त प्रभारी मलय कुमार गांगुली को हेस्टिंग्स थाने में भेजा गया है। वहीं, डिटेक्टिव डिपार्टमेंट से सबिनय बिस्वास को ठाकुरपुकुर थाने का नया अतिरिक्त प्रभारी नियुक्त किया गया है। इसके अलावा HGO से डिटेक्टिव डिपार्टमेंट में प्रतिनियुक्त अनिमेष हावलादार को अब सीधे डिटेक्टिव डिपार्टमेंट में पदस्थापित किया गया है। कोलकाता पुलिस आयुक्त की ओर से जारी आदेश संख्या-694 के तहत कुल 19 इंस्पेक्टर रैंक के अधिकारियों के तबादले किए गए हैं। आदेश में सभी संबंधित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नई जिम्मेदारियां संभालने का निर्देश दिया गया है। कोलकाता पुलिस के इस बड़े प्रशासनिक फेरबदल में शहर के कई अहम थानों के नेतृत्व में बदलाव हुआ है। अब नई तैनाती के बाद संबंधित थानों और पुलिस इकाइयों में अधिकारियों की जिम्मेदारियां नए सिरे से तय होंगी।