हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के लडभड़ोल में बुधवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। लडभड़ोल बाजार में पेट्रोल पंप के पास एक कार अनियंत्रित होकर करीब 200 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भयावह था कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सभी छह युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक, कार में सवार सभी छह युवक आसपास के गांवों के स्थानीय निवासी बताए जा रहे हैं। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।  जानकारी के अनुसार, हादसा बुधवार को लडभड़ोल बाजार में पेट्रोल पंप के समीप हुआ। कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क से नीचे करीब 200 फीट गहरी खाई में जा गिरी।टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। उसमें सवार छह युवकों को संभलने तक का मौका नहीं मिला और सभी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए पहुंचे। लोगों ने खाई में उतरकर कार सवार युवकों को बाहर निकालने और उनकी जान बचाने का प्रयास किया।हालांकि, जब तक स्थानीय लोग कार तक पहुंचे, तब तक सभी छह युवकों की मौत हो चुकी थी। इसके बाद पुलिस को घटना की सूचना दी गई। हादसे की जानकारी मिलते ही लडभड़ोल पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से खाई में उतरकर कड़ी मशक्कत के बाद सभी छह युवकों के शव बाहर निकाले।