जम्मू-कश्मीर के दक्षिण कश्मीर स्थित कुलगाम (Kulgam) जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है। जिले में सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के कैंप को अज्ञात आतंकवादियों ने निशाना बनाते हुए अचानक अंधाधुंध गोलीबारी कर दी। इस हमले में CRPF के तीन जवान घायल हो गए हैं। घटना के बाद सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। आधिकारिक सूत्रों और CRPF से मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना दोपहर करीब 2:15 बजे की है। बताया जा रहा है कि अज्ञात हमलावर मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए थे और कुलगाम में सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात CRPF जवानों को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं। दिनदहाड़े हुई इस अचानक गोलीबारी से आसपास के इलाके में दहशत फैल गई। हमले को अंजाम देने के बाद मोटरसाइकिल सवार हमलावर मौके से फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं और इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की गई। हमले में घायल हुए तीनों CRPF जवानों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। शुरुआती उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिला अस्पताल रेफर किया गया। फिलहाल तीनों जवानों का उपचार जारी है। गोलीबारी की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस और CRPF अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। हमलावरों की तलाश के लिए पूरे इलाके में नाकेबंदी कर दी गई है। सुरक्षा बल चप्पे-चप्पे पर तलाशी अभियान चला रहे हैं। एजेंसियां हमलावरों की पहचान करने के साथ उनके भागने के संभावित रास्तों का भी पता लगाने में जुटी हैं। फिलहाल इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। जांच एजेंसियां पूरे घटनाक्रम की पड़ताल कर रही हैं और हमलावरों की तलाश जारी है।
