देशभर में आज भाई दूज का त्योहार मनाया जा रहा है. इस खास दिन पर पीएम मोदी ने देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं. उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर किया है. पीएम मोदी ने लिखा, देशभर के मेरे परिवारजनों को भाई दूज की हार्दिक शुभकामनाएं. यह पावन पर्व भाई-बहन के स्नेहपूर्ण एवं प्रगाढ़ रिश्ते की मिठास और आत्मीयता का प्रतीक है. इस शुभ अवसर पर मैं सभी की प्रसन्नता और संपन्नता की कामना करता हूं. उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक्स पोस्ट में कहा, “भाई-बहन के स्नेह, समर्पण और आत्मीयता के प्रतीक पावन पर्व भैया दूज की सभी को हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं. मां यमुना से प्रार्थना है कि यह पर्व सभी के जीवन में सुख, समृद्धि एवं खुशहाली लेकर आए तथा पारिवारिक संबंधों में प्रेम व विश्वास और सुदृढ़ हो.” मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने एक्स पर पोस्ट किया, “भाई-बहन के प्रेम, विश्वास और स्नेह के पावन पर्व ‘भाई दूज’ की समस्त प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं. बहन द्वारा भाई की दीर्घायु की कामना का यह पर्व पारिवारिक रिश्तों में मिठास घोलता है. ईश्वर से प्रार्थना है कि भाई-बहन का यह स्नेह बंधन एवं विश्वास सदैव अटूट रहे और सभी के जीवन में सुख-समृद्धि बनी रहे.”