झारखंड के खूंटी जिले में गुरुवार रात हुए भीषण सड़क हादसे में सात लोगों की मौत हो गई, जबकि एक लड़की घायल हो गई। हादसे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने गहरा दुख जताया है। दोनों ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “झारखंड के खूंटी जिले में हुई सड़क दुर्घटना में लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है। मैं शोकाकुल परिवारों के प्रति गहन संवेदना व्यक्त करती हूं। इस दुर्घटना में घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूँ।” वहीं, उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने भी हादसे पर दुख जताते हुए कहा कि खूंटी में हुए सड़क हादसे में लोगों की जान जाने से उन्हें गहरा दुख पहुंचा है। उन्होंने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। जानकारी के मुताबिक, यह हादसा गुरुवार रात करीब 10 बजे खूंटी जिले के कर्रा इलाके में हुआ। शुरुआत में एक स्कूटर दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। स्कूटर सवार की मदद के लिए स्थानीय लोग सड़क किनारे जमा हो गए। इसी दौरान तोरपा की ओर से तेज रफ्तार में आ रहा 18 पहियों वाला ट्रेलर ट्रक वहां खड़े लोगों को कुचलता हुआ निकल गया। हादसे में छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, 12 वर्षीय एक लड़के ने खूंटी सदर अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। दुर्घटना में एक लड़की भी घायल हुई है। हादसे के बाद शुक्रवार सुबह स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला। गुस्से लोगों ने कर्रा रेलवे क्रॉसिंग के पास टायर जलाकर मुख्य मार्ग जाम कर दिया। इससे इलाके में वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। प्रदर्शनकारियों ने ट्रेलर चालक की तत्काल गिरफ्तारी, मृतकों के परिजनों को सरकारी नौकरी और पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा देने की मांग की। पुलिस और प्रशासन मामले की जांच कर रहे हैं।
