वैशाली जिले के राघोपुर में नाव दुर्घटना में जान गंवाने वाले के स्वजनों को सरकार की ओर से चार-चार लाख रुपये दिए जाएंगे। मंगलवार रात अपने एक्स हैंडल से पोस्ट कर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इसकी घोषणा की। उन्होंने लिखा कि मासूमों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दु:खद और हृदयविदारक है। इस कठिन समय में मेरी गहरी संवेदनाएं शोकाकुल स्वजनों के साथ हैं। ईश्वर दिवंगतों की आत्माओं को शांति दें एवं स्वजनों को यह भारी दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें। राज्य सरकार की ओर से मृतकों के स्वजनों को चार-चार लाख की आर्थिक सहायता (अनुग्रह राशि) दी जाएगी। प्रशासन को राहत-बचाव कार्य तेजी से पूरा करने और घायलों के बेहतर उपचार के निर्देश दिए गए हैं। ओम शांति! विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने नाव दुर्घटना पर दुःख जताया है। एक्स पर लिखा है कि राघोपुर दियारा क्षेत्र में नाव पलटने की दुर्भाग्यपूर्ण व दुःखद खबर प्राप्त हुई। डूबने वालों में से अधिसंख्य बच्चे हैं। ईश्वर सबको सुरक्षित रखें। उन्होंने बताया कि स्थानीय लोगों, प्रशासन और अधिकारियों से वार्ता कर राहत बचाव और उपचार कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया है। उल्लेखनीय है कि विधानसभा में तेजस्वी राघोपुर का लगातार तीसरी बार प्रतिनिधित्व कर रहे।
