राष्ट्रपति इसाक हर्जोग ने कहा है कि भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार जिन्होंने फ्लाईदुबई विमान के कॉकपिट में अपने को-पायलट के हमले का मुकाबला किया था उन्हें नागरिकों के लिए इजरायल का सर्वोच्च वीरता पुरस्कार दिया जाएगा। राष्ट्रपति हर्जोग ने गुरुवार को उन 6 लोगों को प्रेसिडेंशियल अवॉर्ड फॉर सिविलियन हीरोइज्म प्रदान किया जो 30 सितंबर 2026 को दुबई से तेल अवीव जाने वाली उड़ान में सवार थे। यरूशलेम में राष्ट्रपति आवास पर आयोजित समारोह के दौरान हर्जोग ने कहा कि आज हम जिन इजरायली नायकों को सम्मानित कर रहे हैं उनके साथ-साथ हम भारत के कैप्टन स्मित मच्छार के पूरी तरह और जल्द ठीक होने की कामना करते हैं। उन्होंने कहा कि मच्छार के अदम्य साहस बहादुरी और बेहतरीन पेशेवर रवैये ने इस बड़ी दुर्घटना को टालने में मदद की। जब वे ठीक हो जाएंगे तो इजरायल के लोगों की ओर से उन्हें प्रेसिडेंशियल अवॉर्ड फॉर सिविलियन हीरोइज्म से सम्मानित करना मेरे लिए सम्मान और सौभाग्य की बात होगी। प्रेसिडेंशियल अवॉर्ड फॉर सिविलियन हीरोइज्म वीरता के लिए इजरायल का सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार है। राष्ट्रपति कार्यालय के अनुसार 7 अक्टूबर के बाद राष्ट्रपति हर्जोग द्वारा शुरू किया गया यह पुरस्कार उन लोगों को सम्मानित करता है जिन्होंने आपसी जिम्मेदारी और इंसानी जान बचाने के लिए अपनी जान को असली खतरे में डालकर असाधारण वीरता का परिचय दिया। राष्ट्रपति कार्यालय ने बताया कि समारोह के दौरान ताली मानेस ज्विका मानेस यानीव हायौन शोता मुसायेव असाफ राजुआन और ओर पारडिलोव को विमान को दुर्घटनाग्रस्त करने की कोशिश करने वाले संभावित अपहरणकर्ता को रोकने में उनकी भूमिका के लिए यह पुरस्कार दिया गया। उन्होंने उड़ान 1073 के नायकों की उनके साधारण मानवीय और सच्चे इजरायली काम के लिए प्रशंसा की। उस पल जब चुनाव करना था तो आपने जीवन को चुना। जेरूसलम पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार इन सबके लिए मैं आज आपको नागरिकों की बहादुरी के लिए राष्ट्रपति पदक से सम्मानित करता हूं। 30 सितंबर को मच्छार ने दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट 1073 में 172 यात्रियों और अपने साथी क्रू सदस्यों की जान बचाने में मदद की थी। उनके को-पायलट ओमान के नागरिक हमम अल-हम्ममी ने विमान को क्रैश करने की कोशिश में उन पर हमला किया था। मच्छार जिन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने हीरो बताया है तेजी से ठीक हो रहे हैं और संयुक्त अरब अमीरात के एक अस्पताल में स्वास्थ्य लाभ कर रहे हैं। उनकी बहादुरी की चर्चा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हो रही है। राष्ट्रपति हर्जोग ने कहा कि इस अद्भुत कहानी से हमें एक बहुत बड़ी सीख मिलती है। जिस तरह अलग-अलग देशों के लोगों ने उस विमान को बचाने के लिए मिलकर काम किया उसी तरह अंतरराष्ट्रीय समुदाय को भी आतंकवाद के वैश्विक खतरे के खिलाफ एकजुट होकर खड़ा होना चाहिए। कल हमने इजरायल और उसके नागरिकों पर हुए सबसे बर्बर और जानलेवा हमले की तीसरी बरसी मनाई। 7 अक्टूबर 2023 ने इजरायली लोगों पर कभी न मिटने वाले जख्म दिए और इसका सदमा पीढ़ियों तक महसूस किया जाएगा। हमने दर्दनाक बलिदान के जरिए सीखा है कि अस्तित्व के लिए खतरा पैदा होने पर उसका सामना करने का क्या मतलब होता है। और हमने सीखा है कि इसका सामना करने के लिए दूरदर्शिता दृढ़ संकल्प और सबसे बढ़कर आतंकवाद से लड़ने में अंतरराष्ट्रीय सहयोग की जरूरत होती है। मुझे संयुक्त अरब अमीरात में हमारे प्यारे दोस्तों द्वारा की गई गहन जांच पर पूरा भरोसा है जिनका हम बहुत सम्मान करते हैं।