दिल्ली में 21 वर्षीय एक कॉलेज छात्रा ने आरोप लगाया है कि दो बाइक सवार युवकों ने उसका पीछा किया, छेड़छाड़ की और फिर उसकी स्कूटी को टक्कर मारकर उसे सड़क पर गिरा दिया. घटना दक्षिण दिल्ली के पंचशील पार्क मेट्रो स्टेशन के पास हुई, जब छात्रा अपनी इंटर्नशिप से घर लौट रही थी. छात्रा दिल्ली में डिजाइनिंग का कोर्स कर रही है. वो चौथे वर्ष की छात्रा है. उसने कहा कि दोनों युवक लगातार उसका पीछा कर रहे थे और उस पर टिप्पणी कर रहे थे. छात्रा ने जब मनचलों से बचने की कोशिश की तो युवकों ने बाइक से उसकी स्कूटी को टक्कर मार दी. इसके बाद वह सड़क पर गिर गई और करीब 100 से 150 मीटर तक घिसटती चली गई, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं. राहगीरों ने छात्रा की मदद कर उसे अस्पताल पहुंचाया. पहले उसे मैक्स अस्पताल, साकेत ले जाया गया और बाद में मेदांता अस्पताल, नोएडा रेफर किया गया. छात्रा के मुताबिक, चोटें इतनी गंभीर हैं कि डॉक्टरों ने प्लास्टिक सर्जरी की सलाह दी है. पुलिस का कहना है कि शुरुआत में उन्हें सड़क हादसे की सूचना मिली थी. सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई, लेकिन उपलब्ध फुटेज में कथित घटना दिखाई नहीं दी. पुलिस मामले की जांच कर रही है. दिल्ली के हौज खास इलाके में 11 सितंबर को देर रात 21 साल की युवती के साथ कथित तौर पर छेड़छाड़, पीछा करने और जानबूझकर उसकी स्कूटी को बाइक से टक्कर मारने का मामला सामने आया है. युवती का आरोप है कि 11 सितंबर की रात वह साकेत स्थित अपने ऑफिस से स्कूटी पर घर जा रही थी. पंचशील मेट्रो स्टेशन के पास बाइक सवार दो अज्ञात युवक उसके पास आए और कथित तौर पर फब्तियां कसने लगे. इसके बाद दोनों ने उसका पीछा किया और कुछ दूर जाकर उसकी स्कूटी को बाइक से धक्का मार दिया. हादसे में युवती सड़क पर करीब 100 से 150 मीटर तक घिसटती चली गई और उसे शरीर पर कई चोटें आईं. शिकायतकर्ता  की उम्र 21 साल है और वह दिल्ली के साकेत इलाके में एक ऑफिस में काम करती हैं. पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक 11 सितंबर की रात करीब 12 बजे वह ऑफिस का काम खत्म करने के बाद अपनी स्कूटी से घर के लिए निकली थीं. रात काफी हो चुकी थी और वह हौज खास की तरफ से पंचशील मेट्रो स्टेशन के पास पहुंची थी.